Madhya Pradesh News: MLC चुनाव में हार के बाद कांग्रेस पर बरसे विश्वास सारंग, राहुल गांधी को दी नसीहत

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के परिणामों ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस और विपक्ष बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग के जरिए झूठ और भ्रम फैलाते रहे हैं। सारंग ने कहा कि इन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल हुआ, इसके बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और भाजपा ने प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की।
यह भी पढ़े -सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी के प्रोटेस्ट पर किया पलटवार, बोले हार का ठीकरा EC पर फोड़ना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक
मंत्री ने विपक्ष से की अपील
सारंग ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस का दावा था कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर परिणाम अलग आएंगे, लेकिन इस चुनाव ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां भी भाजपा को जीत मिली है। उनके मुताबिक, भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में माहौल है। उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं से झूठ तथा अराजकता फैलाना बंद करने की अपील की। सारंग ने कहा कि चुनाव ईवीएम से हों या बैलेट पेपर से, कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा।
हरदीप सिंह पुरी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी को काले झंडे दिखाने की बात कही थी। सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को हरदीप सिंह पुरी से इसलिए परेशानी है, क्योंकि वह सिख समुदाय से आते हैं।
यह भी पढ़े -'राम मंदिर का विरोध और रामसेतु तोड़ने का रचा षड्यंत्र' दिग्विजय सिंह पर विश्वास सारंग का बड़ा आरोप
उन्होंने कांग्रेस पर सिख समुदाय का अपमान करने और उसके खिलाफ मानसिकता रखने का आरोप लगाया। सारंग ने कहा कि कांग्रेस ने सिखों के साथ अन्याय किया है और पार्टी के नेताओं का रवैया सिख समुदाय के प्रति विरोधात्मक रहा है। उन्होंने दावा किया कि जीतू पटवारी का बयान उनकी सिख विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
पूर्व CM को लेकर क्या बोले?
सारंग ने इंदौर में सिख समाज द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बहिष्कार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हरदीप सिंह पुरी का ही नहीं, बल्कि सिख समुदाय का विरोध कर रही है।
मंत्री ने कांग्रेस पर सिखों के खिलाफ हिंसा और उनके अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को अपने रुख पर जवाब देना चाहिए। हालांकि, ये आरोप विश्वास सारंग ने लगाए हैं।
Created On :  

