बेंगलुरु भगदड़ मामला: पुलिस का बड़ा एक्शन, RCB इवेंट ऑर्गनाइजर्स और KCA प्रशासनिक समिति के खिलाफ दर्ज की FIR

- बेंगलुरु भगदड़ मामले में बढ़ी RCB और KCA की मुश्किलें
- कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में FIR हुई दर्ज
- FIR में आपराधिक लापरवाही की बात कही गई
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार (4 जून) को मची भगदड़ के मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पुलिस ने एक्शन लिया है। आरसीबी, डीएनए (इवेंट मैनेजर), कर्नाटक क्रिकेट एशोसिएशन के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। FIR में भगदड़ की घटना में आपराधिक लापरवाही की बात कही गई है। FIR में धारा 105, 125 (1)(2), 132, 121/1, 190 R/w 3 (5) लगाई गई हैं।
3 जून को आईपीएल टाइटल का जीतने के बाद आरसीबी के विक्ट्री परेड निकालने की बात सामने आई थी। जिसके बाद 4 जून को सुबह से सड़कों पर भीड़ उमड़ने लगी थी। भारी भीड़ को देख बेंगलुरु पुलिस ने विक्ट्री परेड की परमिशन नहीं दी और अंत समय में इसको कैंसिल कर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए आरसीबी की जीत के जश्न को भी स्थगित करने की अपील की थी। पुलिस का मानना था कि अभी फैंस में बहुत उत्साह है, क्योंकि एक दिन पहले ही टीम ने ट्रॉफी जीती है।
पुलिस की इच्छा थी कि यह आयोजन 8 जून को हो, जिस पर आरसीबी की ओर से कहा गया कि टीम के विदेशी खिलाड़ी तब तक अपने देश लौट जाएंगे। इस वजह से आयोजन 4 जून को ही रखा जाए। इससे पहले बेंगलुरु के शहरी उपायुक्त जी जगदीश ने कहा कि भगदड़ की घटना की जांच में शामिल होने के लिए कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पुलिस आयुक्त बी दयानंद को नोटिस जारी किया जाएगा।
मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देगी RCB
बेंगलुरु भगदड़ हादसे पर आरसीबी ने बड़ा ऐलान किया है। फ्रेंचाइजी ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। फ्रेंचाइजी ने ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर कहा है कि पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ आरसीबी केयर्स फंड की शुरुआत भी की जाएगी। फ्रेंचाइजी ने कहा, "कल बेंगलुरु में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने RCB परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुंचाया है। सम्मान और एकजुटता के प्रतीक के रूप में, RCB ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपए की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा, इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए RCB केयर्स नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। हम जो कुछ भी करते हैं, उसके केंद्र में हमेशा हमारे प्रशंसक रहेंगे। हम दुख में एकजुट भी हैं।"
Created On :   5 Jun 2025 8:49 PM IST