IPL 2025: MI के खिलाफ कुलदीप ने रचा इतिहास, रिक्लटन को आउट कर चाइनामैन स्पिनर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

- MI के खिलाफ कुलदीप यादव ने रचा इतिहास
- रिक्लटन को आउट कर चाइनामैन स्पिनर ने पार किया 100 IPL विकेटों का आंकड़ा
- MI ने पहले बैटिंग करते हुए DC के सामने रखा 181 रनों का लक्ष्य
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेले जा रहे आईपीएल 2025 के 63वें मैच में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अपनी शानदार बाएं हाथ की गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मैच में अपने आईपीएल करियर में विकेटों का शतक लगा दिया है। उन्होंने बुधवार को खेले जा रहे मैच में अपना 100वां आईपीएल विकेट लिया।
कुलदीप यादव ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मैच से पहले अपने आईपीएल करियर में 99 विकेट चटका चुके थे। लेकिन मैच में उन्होंने जैसे पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रयान रिक्लटन को तीसरे ओवर में मुकेश कुमार के हाथों कैच करवाने के साथ ही उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर ली।
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में कुलदीप यह उपलब्धि हासिल करने वाले 29वें गेंदबाज बन गए। जहां तक भारतीयों की बात है तो वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 22वें भारतीय गेंदबाज हैं। कुलदीप ने 100 आईपीएल विकेटों का आंकड़ा 97 मैचों की 94 पारी में पार किया।
जानकारी के लिए बता दें, कुलदीप अपने करियर में तीन आईपीएल टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। इनमें मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स शामिल है। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिल्ली कैपिटल्स के लिए रहा है। उन्होंने इस टीम के लिए अपने करियर में कुल 40 विकेट झटके हैं। वहीं, नाइट राइडर्स के लिए उनके नाम 40 विकेट हैं।
मैच की बात करें तो, वानखेड़े स्टेडियम पर घरेलू टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी। इस दौरान उन्हें 10 ओवरों के भीतर तीन झटकों का सामना करना पड़ा था। टीम के लिए ना तो रोहित और ना ही रयान रिक्लटन कुछ खास कमाल कर सके। लेकिन इसके बाद बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने क्रीज पर डटे रहकर 42 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली और टीम के स्कोर को 180 रनों तक पहुंचा दिया। इसी के साथ मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 5 विकेटों के नुकसान पर 181 रनों का टारगेट सेट किया है।
Created On :   21 May 2025 9:46 PM IST