कुश्ती संघ विवाद: संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद साक्षी मलिक ने लिया बड़ा एक्शन, रोते हुए किया कुश्ती से संन्यास का एलान, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने भी जताया विरोध

संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद साक्षी मलिक ने लिया बड़ा एक्शन, रोते हुए किया कुश्ती से संन्यास का एलान, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने भी जताया विरोध
  • संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष
  • पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के हैं करीबी
  • नए अध्यक्ष के चयन पर पहलवानों का विरोध

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ को आज उसका नया अध्यक्ष मिला। पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह अब इस पद को संभालेंगे। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी अनीता श्योराण को मात देकर अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत हासिल की। लेकिन कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद एक बार फिर से भारतीय पहलवान विरोध पर उतर आए हैं। महिला पहलवान साक्षी मलिक ने तो कुश्ती से संन्यास लेने का एलान कर लिया है। जबकि बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने भी संजय सिंह को अध्यक्ष बनाने का विरोध किया।

साक्षी मलिक ने कुश्ती को कहा अलविदा

भारतीय कुश्ती संघ का चुनाव पूरा होने और संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद साक्षी मलिक ने रोते हुए कहा कि हम 40 दिनों तक सड़कों पर सोए और देश के कई हिस्सों से लोगों ने हमारा सपोर्ट किया। लेकिन बावजूद इसके हम नहीं जीत पाए क्योंकि एक बार फिर से बृजभूषण जैसा ही कुश्ती संघ का चुनाव जीत गया। इसलिए अगर बृजभूषण का बिजनेस पार्टनर और करीबी संजय सिंह कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना जाता है तो मैं अपनी कुश्ती त्यागती हूं।

बजरंग और विनेश ने भी जताया विरोध

इसके अलावा बजरंग पूनिया ने कहा कि खेलमंत्री ने ऑन रिकॉर्ड कहा था कि बृजभूषण से संबंधित फेडरेशन में कोई नहीं आएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बेटियों को न्याय नहीं मिला। आज के चुनाव में बृजभूषण के आदमी को ही जीत मिली है। मुझे न्यायपालिका पर भरोसा था कि वे न्याय करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकार ने जो वादा किया था वह उसे पूरा करने में सफल नहीं रही। यही नहीं विनेश फोगाट ने भी रोते हुए कहा कि हमने लड़ने की कोशिश की, लेकिन जीत नहीं मिली और मुझे नहीं लगता कि हमें कभी न्याय मिलेगा।

कौन हैं संजय सिंह?

संजय सिंह मूल रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में वो वाराणसी में अपने पूरे परिवार के साथ रहते हैं। संजय सिंह पिछले डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय से कुश्ती संघ से जुड़े हैं और बृजभूषण शरण सिंह के काफी नजदीकी माने जाते हैं।

Created On :   21 Dec 2023 12:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story