कुश्ती संघ विवाद: संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष, बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के हैं करीबी

संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष, बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के हैं करीबी
  • भारतीय कुश्ती संघ को मिला नया अध्यक्ष
  • संजय सिंह बने नए अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष का चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी अनीता श्योराण को मात दी है। इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह ने भी दावा किया था कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ही बनेंगे। संजय सिंह सबसे पहले 2008 में वाराणसी कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष बने थे। उसके बाद जब यूपी में साल 2009 में कुश्ती संघ बना तो बृजभूषण शरण सिंह प्रदेश अध्यक्ष बने थे और संजय सिंह उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी।

जानकारी के लिए बता दें कि, संजय सिंह को कुश्ती से बेहद लगाव माना जाता है और ये मौजूदा समय में वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा वो कुश्ती संघ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। साथ ही वो भारतीय कुश्ती संघ का नेतृत्व करने के लिए कई बार विदेश का भी दौरा कर चुके हैं। संजय सिंह को लेकर कहा जाता है कि पूर्वांचल की महिला पहलवानों को आगे बढ़ाने में इनका बड़ा ही अहम रोल है।

कौन हैं संजय सिंह?

संजय सिंह मूल रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में वो वाराणसी में अपने पूरे परिवार के साथ रहते हैं। संजय सिंह पिछले डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय से कुश्ती संघ से जुड़े हैं और बृजभूषण शरण सिंह के काफी नजदीकी माने जाते हैं।

कौन हैं अनीता श्योराण?

अनीता श्योराण, बृजभूषण सिंह की कट्टर विरोधी मानी जाती हैं। अनीता ने पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में भी बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ गवाही दी थीं। अनीता कुश्ती के मैदान में भी बड़ी सफलता हासिल कर चुकी हैं, उन्होंने 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। अगर अनीता श्योराण ये चुनाव जीततीं, तो वो पहली महिला पहलवान होती जो भारतीय कुश्ती संघ के पद पर विराजमान होती।

Created On :   21 Dec 2023 9:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story