- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर भीषण सड़क...
MP News: आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में ट्रक और बोलेरो की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसा सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे आष्टा और शुजालपुर के बीच ग्राम मेना गोदी के नजदीक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव व राहत कार्य शुरु किया।
पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बोलेरो में फंसे घायलों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला और तत्काल आष्टा सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने के बाद वहां से घायलों को पहले सीहोर और फिर भोपाल रेफर किया गया।
मृतक और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान हो गई है। मृतकों के नाम भगवान सिंह (55) पिता देवचंद, अमर सिंह (45) पिता कालूराम, बने सिंह (22) पिता देवीराम, देवीराम (60) पिता काशीराम और गुलाबचंद (37) पिता बावरलाल हैं।
पुलिस के मुताबिक, बने सिंह के इलाज के लिए सभी लोग राजगढ़ जिले के भैयापुरा गांव से देवास जिले कन्नौद जा रहे थे। सभी लोग पेशे से किसान हैं।
Created On :   7 July 2026 12:57 AM IST













