MP News: प्रदेश में ग्रिड मैनेजमेंट और दिन के समय सस्ती बिजली देने के लिये होंगे नवाचार

प्रदेश में ग्रिड मैनेजमेंट और दिन के समय सस्ती बिजली देने के लिये होंगे नवाचार
मध्यप्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सोलर पार्क, सोलर पंप और रूफटॉप सोलर पर काम हो रहा है। 2030 के लक्ष्य के लिए योजनाएं लागू की गई हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मंगलवार को भोपाल में प्रेस कांफ्रेंस में विभाग की दो साल की उपलब्धियाें के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 में 500 गीगावॉट के निर्धारित लक्ष्य के लिए प्रदेश में काम किया जा रहा है। आगर में 550 मेगावॉट का सोलर पार्क और शाजापुर में 450 मेगावॉट का सोलर पार्क बनाया गया है। नीमच में 500 मेगावॉट के सोलर पार्क का काम चल रहा है। प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महा-अभियान घटक (स) के तहत 14 हजार 500 मेगावॉट के 550 प्रस्ताव मिले। इनमें 4 हजार 500 मेगावॉट का क्रियान्वयन भी शुरू हो गया है। शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में ग्रिड मैनेजमेंट व जनता को दिन के समय सस्ती बिजली मिल सके, इसके लिए अनेक नवाचार पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अब तक 9508 मेगावॉट क्षमता हासिल की जा चुकी है। भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2025 में 5.72 लाख रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में मध्यप्रदेश देश में छठवें स्थान पर है। इसमें अब तक 76 हजार घरों पर 292 मेगावॉट के सोलर प्रोजेक्ट स्थापित किये जा चुके हैं।

शुक्ला ने कहा कि 2 साल में राज्य सरकार ने नवकरणीय ऊर्जा नीति-2022 व पुनरीक्षित मप्र नवकरणीय ऊर्जा नीति-2025 लागू की है। मप्र में बॉयो-फ्यूल प्रोजेक्ट एवं पम्पड् हाइड्रो स्टोरेज को बढ़ावा देने के लिये मप्र बॉयो-फ्यूल क्रियान्वयन स्कीम-2025, मप्र पम्पड् हाइड्रो स्टोरेज क्रियान्वयन स्कीम-2025 भी लागू की गई। आगर-शाजापुर-नीमच में 1045 मेगावॉट क्षमता का सौर पार्क बनाया गया। मंत्री शुक्ला ने कहा कि पीएम कृषक मित्र योजना में अब तक 21 हजार 129 किसानों को सोलर पम्प दिए गए हैं। 3 साल में 50 हजार सोलर पम्प लगाने का लक्ष्य है। शासकीय भवनों पर सोलर रूफटॉप का लक्ष्य है। 47 जिलों के 1500 शासकीय भवनों पर 70 मेगावॉट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट का काम शुरु हो गया। इससे बिजली का बिल आधा आएगा।

Created On :   24 Dec 2025 4:52 PM IST

Tags

Next Story