मुंबई शहर में पुलिसकर्मियों के लिए लग जाएंगे छाते

मुंबई शहर में पुलिसकर्मियों के लिए लग जाएंगे छाते
  • मुख्यमंत्री के निर्देश पर अमल शुरु
  • सोमवार तक मिल जाएगी सुविधा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश के बाद महानगर में कड़ी धूप में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए धूप से बचाव की व्यवस्था बनाने की शुरुआत हो गई है। सोमवार तक शहरभर में पुलिसकर्मियों के लिए छांव की सुविधा हो जाएगी।

गुरुवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) प्रविण पडवल ने ऐसे स्थलों का निरीक्षण किया जहां छांव की व्यवस्था करने की जरुरत है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार तक सभी जगहों पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए छांव की व्यवस्था कर दी जाएगी। गौरतलब है कि बुधवार को अपने गृहक्षेत्र ठाणे से मुंबई लौटते वक्त मुख्यमंत्री शिंदे ने रास्ते में कड़ी धूप के बीच सड़कों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को देख कर उनके लिए छांव की व्यवस्था करने को कहा था। मुख्यमंत्री ने मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर को फोन कर कहा था कि 55 साल से अधिक आयु वाले पुलिसकर्मियों की धूप में ड्यूटी न लगाई जाए साथ ही सड़कों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को धूप से बचाने के लिए छाते व शेड लगाए जाए। फिलहाल मुंबई पुलिस मुख्यमंत्री का निर्देश पूरा करने में जुट गई है।

Created On :   19 May 2023 10:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story