- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- फ्लैट स्कीम के नाम पर बिल्डर के साथ...
फ्लैट स्कीम के नाम पर बिल्डर के साथ 1.80 करोड़ की धोखाधड़ी

By - Bhaskar Hindi |18 May 2023 1:39 PM IST
2 आरोपी गिरफ्तार
डिजिटल डेस्क, नागपुर। फ्लैट स्कीम बनाकर देेने के नाम पर कई लोगों से पैसे लेने के बाद क्रिएटिव इंफ्रास्ट्रक्चर के संचालकों ने दूसरे बिल्डर को फंसाने की साजिश रचकर उससे करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए की ठगी की। इस मामले में हुड़केश्वर पुलिस ने क्रिएटिव इंस्फ्रास्ट्रक्चर के दो संचालकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पांडूरंग मुलार और नितीश तुंगार है। फरार आरोपियों में विलास मूर्ति, सुभाष लांबट और जितेश मदनकर का समावेश है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पांडूरंग महादेव मुलार नंदनवन, नितीश कृष्णराव तुंगार, विलास श्रीराम मूर्ति रमनामारोती, सुभाष दयाराम लांबट रेणुकामातानगर और जितेश नामदेव मदनकर ने क्रिएटिव इंफ्रास्ट्रक्चर नामक कंपनी स्थापित की। उन्होंने वर्ष 2012 में हुड़केश्वर में एक भूखंड पर फ्लैट स्कीम बनाने का प्रकल्प तैयार किया। वर्ष 2022 तक संचालकों ने कई लोगों से लाखों रुपए लिया। उस जमीन पर कोई स्कीम नहीं बनाई गई। निवेशक चक्कर लगाकर थक गए थे। अंत में उनके ध्यान में यह बात आई कि उनके साथ ठगी हो गई है। तब उन्होंने कोतवाली थाने में क्रिएटिव इंफ्रास्ट्रक्चर के संचालकों के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। प्रकरण न्यायालय में जाने पर निवेशकों को पैसे वापस करने का आदेश दिया गया। संचालकों ने इससे छुटकारा पाने के लिए बिल्डर राजेश ज्ञानदेव तिड़के (43) छत्रपति चौक निवासी से मुलाकात की। आरोपियों ने हुड़केश्वर में पूर्ण प्रकल्प विकास करने का करार तिड़के से किया। करीब 11.50 करोड़ में करार करने के बाद तिड़के ने जमीन के विकास का कार्य शुरू किया। इसके बदले में क्रिएटिव इंफ्रास्ट्रक्चर के संचालकों ने समय-समय पर पैसे दिया। कुछ निवेशकों के पैसे वापस करने में मदद की।
दूसरे से कर लिया सौदा : आरोप है कि उक्त पांचों संचालकों ने राजेश तिड़के से करीब 1.80 करोड रुपए लेने के बाद विकास का करारनामा व अन्य दस्तावेज की कार्रवाई की। उसके बाद चुपके से अन्य एक बिल्डर से संपर्क किया और संपूर्ण प्रकल्प विक्री करने का सौदा किया। दूसरे बिल्डर से 4 से 5 करोड़ रुपए लिया। इस मामले की शिकायत तिड़के ने हुड़केश्वर थाने में की। हुड़केश्वर पुलिस ने आरोपी पांडूरंग मुलार व नितीश तुंगार को गिरफ्तार किया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Created On :   18 May 2023 1:39 PM IST
Tags
Next Story