प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, महिला सहित 2 गिरफ्तार

प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, महिला सहित 2 गिरफ्तार
शव के किए टुकड़े-टुकड़े

डिजिटल डेस्क, वरुड़ (अमरावती)। पहले पति की मौत के बाद दूसरे से शादी की, लेकिन दूसरा पति हमेशा शराब के नशे में मारपीट करता था। इसी बीच महिला का तीसरे व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध बन गए। अनैतिक संबंधों में बाधा बने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की नींद में कुुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। वरुड के एकलविहिर परिसर में शव के टुकड़े कर अलग-अलग बोरे में भरकर पत्थर के साथ कुएं में फेंक दिए। दो दिन पहले पुलिस ने कुएं में फेंके गए अवशेष बरामद कर लिए। घटना 7 माह पहले की है पत्नी ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाकर मृतक की पत्नी आरोपी रंजना शेषराव इरपाची (38) और उसके प्रेमी ज्ञानेश्वर किसनराव कुमरे (42) को गिरफ्तार कर लिया, जो दूसरे गांव मेंं रहता था।

शेषराव जान गया था पत्नी के कारनामे

आरोपी रंजना इरपाची का शेषराव दूसरा पति था। वह शराब का आदी होने से घर में झगड़ा करता था। रंजना के ज्ञानेश्वर से अनैतिक संबंध होने की भनक शेषराव को लगते ही वह और शराब पीकर उससे मारपीट करने लगा था। यह बात ज्ञानेश्वर को भी खटक रही थी। 22 अगस्त 2022 को दोनों के बीच विवाद हुआ और रंजना ने अपने प्रेमी की मदद से कुल्हाड़ी से शेषराव की गर्दन धड़ से अलग कर दी। शरीर के और भी टुकड़े कर उसे दो बोरों में भरकर सबूत रफा-दफा करने के उद्देश्य से उन्हें बोरों में बड़े पत्थर डालकर उसे राजेंद्र ढोके के खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया था। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करने की बात स्वीकारी।

दुर्गंध रोकने के लिए डाला था क्लोरिन
अनैतिक संबंधों में रास्ते का काटा बने शेषराव की हत्या कर दी लेकिन लाश को ठिकाने लगाने के लिए रंजना और उसके प्रेमी ज्ञानेश्वर ने काफी सोचविचार किया। शरीर के टुकड़े और पत्थर के साथ-साथ परिसर में किसी तरह की दुर्गंध न फैले इसलिए क्लोरिन डाला था। करीब 7 महीने तक हत्या का राज कुएं में दफन था। अचानक एक बोरा पानी के ऊपर आने से मामला सामने आ गया। वरुड पुलिस ने दो दिन में ही 65 कुएं और 12 गांवों की जांच कर मामले की गुत्थी सुलझा ली। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अविनाश बारगल के मार्गदर्शन में थानेदार प्रदीप चौगांवकर, धीरज राजुरकर, दीपक वलवी, मंगेश शेगोकार, राजू मडावी, दिलीप राऊत, किरण दहीवाडे, समीर धांडे, रत्नदीप वानखडे, विनोद पवार, सचिन भगत, राजू चव्हाण, प्रफुल लेवरकर, किरण गावंडे ने की है।

कपड़े देखते ही पत्नी और प्रेमी के छूटे पसीने
रविवार की सुबह वरुड़ के एकलविहिर स्थित खेत के कुएं में बोरों से शरीर के आधे हिस्सा ही बरामद हुआ था। जिसमें जिंस पैंट और बेल्ट था। पश्चात आसपास के कुएं का पानी छानने के बाद उसी कुएं से शरीर का धड़ सोमवार को बरामद हुआ। वहीं, दूसरी ओर पुलिस एकलविहीर में अब तक लापता हुए लोगों की तलाश करने में जुटी थी। तब पुलिस को पता चला कि एकलविहीर निवासी शेषराव वासुदेव इरपाची कुछ महीने से लापता है। जबकि उसके पत्नी ने ही थाने में लापता होने की शिकायत दी थी। जब पुलिस शेषराव के पत्नी की तलाश में जुटी तो पता चला कि वह वरुड़ के ही शहापुर में ज्ञानेश्वर कुमरे के साथ रह रही है। पुलिस ने रंजना और ज्ञानेश्वर को पूछताछ के लिए थाने में लाया और कुएं से बरामद कपड़े दिखाते ही रंजना और उसके प्रेमी के पसीने छूटने लगे। तभी पुलिस को दोनों पर शक हुआ था।

Created On :   17 May 2023 10:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story