Mumbai News: किसानों की काली दिवाली के खिलाफ कांग्रेस का राज्य भर में प्रदर्शन, शेलार का राज पर निशाना

किसानों की काली दिवाली के खिलाफ कांग्रेस का राज्य भर में प्रदर्शन, शेलार का राज पर निशाना
  • किसानों की काली दिवाली के खिलाफ कांग्रेस का राज्य भर में प्रदर्शन
  • मैं राज ठाकरे को महत्व नहीं देता हूं-शेलार
  • मंत्री आशीष ने मनसे अध्यक्ष पर साधा निशाना

Mumbai News. किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को राज्य के कई जिलों में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के नेताओं ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि उसकी नाकामी के कारण इस बार किसानों की दिवाली काली हो गई है। बाढ़ के चलते खराब हुई फसलें, कर्जमाफी नहीं करने और फसलों का उचित दाम न मिलने जैसी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरकार की तीखी आलोचना की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ विश्वासघात कर रही है। सरकार ने किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। ये दिवाली किसानों के लिए काली दिवाली की तरह है। सरकार ने सिर्फ वादे किए, जमीन पर कुछ नहीं किया। यही कारण है कि हमने किसानों के साथ मिलकर पिठलं, भाकरी और ठेचा खाकर आंदोलन किया। सपकाल ने कहा कि राज्य के 30 जिलों की 350 से अधिक तहसीलों में किसानों की लाखों एकड़ फसलें बर्बाद हो गई हैं। हमने सरकार से 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की मदद की मांग की थी लेकिन सरकार ने किसानों को जिस मदद का ऐलान किया वह भी अभी तक नहीं मिली है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में, खासतौर पर विदर्भ, मराठवाड़ा, कोकण, उत्तर महाराष्ट्र के इलाकों में पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। लोंढे ने यह भी आरोप लगाया कि किसानों का बारिश और बाढ़ से सब कुछ बह गया, फिर भी घोषित 32 हजार करोड़ रुपये का राहत पैकेज किसानों के लिए एक धोखा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने फसल बर्बादी पर 5 लाख रुपये तक का मुआवजा और कर्ज माफी की मांग की, लेकिन महायुति सरकार ने पुरानी योजनाओं को जोड़कर एक नया पैकेज घोषित कर दिया, जो किसानों अब तक नहीं मिला है। यह विरोध आंदोलन सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि किसानों की आवाज उठाने के लिए है। कांग्रेस अब किसानों की लड़ाई सड़कों पर भी लड़ेगी।

मैं राज ठाकरे को महत्व नहीं देता हूं-शेलार

उधर भाजपा नेता तथा प्रदेश के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के महाराष्ट्र में 96 लाख फर्जी मतदाता होने वाले दावे पर निशाना साधा है। सोमवार को शेलार ने कहा कि मैं राज के बयान को गंभीरता से नहीं लेता हूं। मनसे को मुंबईवासी, मराठी भाषिक और महाराष्ट्र के लोग भी गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई मनपा चुनाव करीब है। इसलिए मनसे मतदाताओं से वोट मांगने के लिए फेक नैरेटिव तैयार कर रही है। क्योंकि जब दिखाने के लिए कुछ काम नहीं है। जमीन पर कार्यकर्ता नहीं हैं। जनता का समर्थन नहीं है तो फेक नैरेटिव का समर्थन लेने की नौबत आती है। शेलार ने कहा कि जब विपक्ष चुनावों में जीत हासिल करता है तो मतदाता सूची और ईवीएम मशीनें ठीक रहती हैं। लेकिन जब हार मिलती है तो मतदाता सूची और ईवीएम मशीनें गड़बड़ हो जाती है। जनता विपक्ष की इस भूमिका को अच्छी तरह पहचानती है। विपक्ष की ओर से 1 नवंबर को मोर्चा निकालने के सवाल पर शेलार ने कहा कि आंदोलन करने का सभी को अधिकार है। चुनाव आयोग की ओर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के काम के लिए बूथस्तरीय अधिकारी (बीएलओ) नियुक्त किए जाते हैं। जबकि राजनीतिक पार्टियों को बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्ति करना होता है। लेकिन विपक्षों दलों को बीएलए नियुक्ति के लिए भी ध्यान देना चाहिए। क्योंकि नियमों और कानून के तहत बीएलए मतदाता सूची में नामों को जोड़ने अथवा हटाने की प्रक्रिया को करीब से नजर रख सकता है। मगर, विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाने से बच रहा है।

महायुति में लड़ेंगे चुनाव

एक सवाल के जवाब में शेलार ने कहा कि भाजपा स्थानीय निकाय चुनाव महायुति के घटक दलों के साथ मिलकर लड़ेगी। लेकिन अंतिम फैसला महायुति के शीर्ष नेता मिलकर करेंगे।

Created On :   20 Oct 2025 8:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story