- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- नवरात्र पर गूंजी किलकारियां, 6 दिन...
नवरात्र पर गूंजी किलकारियां, 6 दिन में 51 कन्याओं ने लिया जन्म

डिजिटल डेस्क सिवनी । शारदेय नवरात्र पर जहां देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। पण्डालों में विराजीं देवी प्रतिमाओं के दर्शन करने लोग पहुंच रहे हैं, वहीं जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में भी अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। यहां जन्म लेने वाली कन्याओं की प्रतिदिन आरती उतारी जा रही है और पूजन किया जा रहा है। शारदेय नवरात्र के पहले दिन बैठकी से लेकर मंगलवार की शाम तक 6 दिन में जिला अस्पताल में 51 कन्याओं ने जन्म लिया है।
कन्याओं का चरण वंदन
जिला अस्पताल में जन्म ले रहीं कन्याओं का पूजन करने प्रतिदिन जिला अधिवक्ता संघ के कोषाध्यक्ष अजय बाबा पाण्डे अपने साथियों के साथ पहुंच रहे हैं। 7 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ यह क्रम 12 अक्टूबर को भी जारी रहा। उनके द्वारा नवजात कन्या व उसकी माता की आती उतारी जा रही। पैर में कुमकुम लगाकर चरण वंदन किया जा रहा, वहीं नारियल, नगद राशि, निप्पल, पावडर व आइल किट आदि प्रदान किया जा रहा है।
किस दिन कितनी कन्याओं का जन्म
जिला अस्पताल में शारदेय नवरात्र के प्रथम दिवस 7 अक्टूबर को 9 कन्याओं ने जन्म लिया था। इसके अगले रोज 8 अक्टूबर को भी 9 कन्याओं ने जन्म लिया। 9 अक्टूबर को 10, 10 अक्टूबर को 6, 11 अक्टूबर को 9 तथा 12 अक्टूबर की शाम 7 बजे तक 8 कन्याएं जन्म ले चुकी थीं। इस तरह बैठकी से लेकर अब तक 51 कन्याओं का जन्म अकेले जिला अस्पताल में हो चुका है।
इनका कहना है-
जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में 7 अक्टूबर से 12 अक्टूबर की शाम पांच बजे तक 51 कन्याओं ने जन्म लिया है।
- डॉ. पी सूर्या, मेडिकल ऑफिसर, जिला अस्पताल
Created On :   13 Oct 2021 4:51 PM IST