तीन भीषण हादसों में छह मौतें: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, दो बाइकों की भिड़ंत में दो मौत

तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, दो बाइकों की भिड़ंत में दो मौत
  • इसरा उमरिया में तीसरा हादसा, बालक की मौत
  • तीन युवकों की मौके पर मौत, एक गंभीर
  • डायल-100 स्टाफ से हुज्जत, केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में अलग-अलग तीन सडक़ हादसों में छह लोगों की जान चली गई। हर्रई के ग्राम डूंडा में सोमवार रात एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई। एक युवक को गंभीर चोट आई है। दूसरा सडक़ हादसा इसराउमरिया के समीप हुआ था। यहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल बालक की मौके पर मौत हो गई। तीसरा हादसा मंगलवार की शाम पांढुर्ना में हुआ। यहां शहर के जवाहर वार्ड में दो बाइक सवार आपस में टकरा गए। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक 10 वर्षीय बालिका को भी गंभीर चोटें आईं हैं। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

तीन युवकों की मौके पर मौत, एक गंभीर

एसआई टीडी धार्वे ने बताया कि नरसिंहपुर करेली के ग्राम बघौरा निवासी धीरज चौधरी (27) सोमवार को अपने भाई के साले गाडरवाड़ा के ग्राम खंचारी निवासी भारत चौधरी (23) और खंचारी निवासी रफीक खान (45) के साथ बाइक से हर्रई मजदूर लेने आया था। हर्रई के ग्राम मुर्गीटोला निवासी 25 वर्षीय बालमन पिता पूसा परधान को उसी बाइक में लेकर वे नरसिंहपुरजा रहे थे। ग्राम डूंडा के समीप किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में भारत चौधरी, रफीक खान और बालमन परधान की मौके पर मौत हो गई। धीरज चौधरी को गंभीर चोट है। धीरज की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज किया है।

पांढूर्ना में दो दोपहिया भिड़ी, दो मौत

पांढुरना। नगर के जवाहर वार्ड में दो दोपहिया की टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। टीआई अजय मरकाम ने बताया कि शहर के तिलक वार्ड निवासी रविंद्र पिता नामदेव सांबरे अपनी पत्नी योगिता और भतीजी दीप्ति के साथ नरखेड़ एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। शहर के 11 खोली इलाके में विपरीत दिशा से परसौड़ी निवासी मोरेश्वर परतेती और गुड्डू तेजीलाल डोंगरे मोटरसाइकिल से आ रहे थे। दोनों दोपहिया में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में रविंद्र नामदेव सांबरे और गुड्डू तेजीलाल डोंगरे की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। रविंद्र की बाइक में सवार दीप्ति सांभारे के सिर पर गंभीर चोटें आई। जिसे सघन उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

सडक़ हादसे में बाइक सवार की मौत

सिवनी रोड स्थित इसराउमरिया में सोमवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक बालक की मौत हो गई। वहीं दूसरे को गंभीर चोट आई है। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि चौरई के ग्राम पाथखेड़ा निवासी १६ वर्षीय रविन्द्र पिता जगन्नाथ परानी सोमवार शाम गांव के विशाल पंद्राम के साथ उसकी बाइक से घर से निकला था। इसराउमरिया के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार विशाल और रविन्द्र को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रुप से घायल विशाल और रविन्द्र को गंभीर चोट आई थी। घायल रविन्द्र की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं विशाल को गंभीर चोट आई है। जिसे 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डायल-100 स्टाफ से हुज्जत, केस दर्ज

टीआई मनोज बघेल ने बताया कि सोमवार रात इसराउमरिया में सडक़ हादसे में रविन्द्र की मौके पर मौत हो गई थी। 108 एम्बुलेंस और डायल-100 स्टाफ मौके पर पहुंच गया था। 108 एम्बुलेंस घायल विशाल को लेकर अस्पताल के लिए निकल गई थी। मृतक रविन्द्र का शव मौके पर ही था। मृतक के परिचित और गांव के लोगों ने डायल-१०० स्टाफ से विवाद कर हुज्जत की है। आरक्षक की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Created On :   10 April 2024 4:05 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story