Breaking News: आज की बड़ी खबरें 02 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 02 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
02 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 2 Aug 2025 10:10 AM IST

    मालेगांव ब्लास्ट केस लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित के घर से नहीं मिला था आरडीएक्स, कोर्ट में खुलासा

    2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले में विशेष एनआईए कोर्ट की आदेश प्रति से एक बड़ा और अहम खुलासा हुआ है। अदालत ने कहा है कि इस मामले में आरोपी बनाए गए लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद श्रीकांत पुरोहित के घर ए-9 से कोई भी आरडीएक्स, विस्फोटक सामग्री या बम बनाने से जुड़ी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। जबकि अभियोजन पक्ष ने उन पर यह गंभीर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने घर के लकड़ी के कपबोर्ड में आरडीएक्स छिपाया और बम को वहीं असेंबल किया। लेकिन, जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच इस आरोप को पूरी तरह खारिज करती हैं।

  • 2 Aug 2025 10:01 AM IST

    कई शहरों में बदल गए ईंधन के रेट

    गुड रिटर्न वेबसाइट पर दी गई ईंधन की कीमतों के अनुसार, आज पटना में पेट्रोल 37 पैसे कम होकर 105.23 रुपए और डीजल 34 पैसे सस्ता होकर 91.49 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं भुवनेश्वर में भी पेट्रोल और डीजल 05-05 पैसे कम होकर क्रमश: 101.11 रुपए और 92.69 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, गुड़गांव में पेट्रोल 21 पैसे बढ़कर 95.65 रुपए और डीजल 20 पैसे महंगा होकर 88.10 रुपए प्रति लीटर हो गया है। लखनऊ में पेट्रोल 04 पैसे बढ़कर 94.73 रुपए और डीजल 05 पैसे महंगा होकर 87.86 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

  • 2 Aug 2025 9:48 AM IST

    महानगरों में नहीं बदली ईंधन की कीमतें

    आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.44 रुपए, तो एक लीटर डीजल 89.97 रुपए में उपलब्ध है। इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 104.95 रुपए में उपलब्ध है, जबकि यहां डीजल 91.76 प्रति लीटर है। चेन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 101.03 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 92.61 रुपए प्रति लीटर है।

  • 2 Aug 2025 9:37 AM IST

    कच्चे तेल की कीमत घटी

    कच्चे तेल की कीमतों में बीते दिन की अपेक्षा मामूली गिरावट देखने को मिली है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (02 अगस्त 2025) की सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 69.70 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। जबकि, एक दिन पहले कच्चे तेल कीमत 71.83 डॉलर प्रति बैरल थी।

  • 2 Aug 2025 9:12 AM IST

    राज्यसभा में एक बार फिर BJP का आंकड़ा 100 के पार

    उपराष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले बीजेपी ने एक बार फिर 100 का आकंड़ा पार कर लिया है। अप्रैल 2022 के बाद ऐसा पहली बार है जब राज्यसभा में पार्टी ने 100 सांसदों का आंकड़ा पार किया है। तीन मनोनीत सदस्य भी इसमें शामिल हुए हैं।  

  • 2 Aug 2025 9:03 AM IST

    पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली

    प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े सहज जनसेवा केंद्र संचालक से लूट करने वाले दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 25000 का इनामी बदमाश उमेश पाल गोली लगने से घायल हो गया साथ ही उसका साथी भी पकड़ा गया।

  • 2 Aug 2025 8:49 AM IST

    पाकिस्तान में लाहौर के पास इस्लामाबाद एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, 30 यात्री घायल

    पाकिस्तान में लाहौर के पास इस्लामाबाद एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, 30 यात्री घायल

  • 2 Aug 2025 8:29 AM IST

    मलयालम अभिनेता कलाभवन नवास होटल में मृत पाए गए

    मलयालम फिल्म अभिनेता और मिमिक्री आर्टिस्ट कलाभवन नवास का 51 साल की उम्र में निधन हो गया। शुक्रवार शाम कोच्चि के चोट्टानिकारा स्थित एक होटल में एक्टर मृत पाए गए। पीटीआई के अनुसार, होटल के कर्मचारियों ने उन्हें बेहोशी की हालत में पाकर अधिकारियों को सूचित किया।

  • 2 Aug 2025 8:20 AM IST

    रूस के कुरील द्वीप समूह में महसूस हुए भूकंप के तेज झटके

    रूस के कुरील द्वीप समूह में एक बार फिर शुक्रवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार देर रात कुरील द्वीप समूह के पूर्व में 6.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि भूकंप शुक्रवार को भारतीय मानक समय (आईएसटी) के अनुसार 23:50 बजे 32 किलोमीटर की गहराई पर आया था। 

  • 2 Aug 2025 8:10 AM IST

    जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ जारी

    जम्मू के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इससे पहले जिले के अखल इलाके में देर रात चली मुठभेड़ में जवानों ने एक आतंकी ढेर कर दिया। यहां भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और विशेष अभियान समूह (एसओजी) द्वारा चलाया जा रहा संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान अभी भी जारी है।

Created On :   2 Aug 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story