Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 14 Jun 2025 9:43 AM IST
पटना पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी घायल
पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के श्रीघाट पर शुक्रवार को पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें बदमाश विवेक के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, 12 जून को दानापुर में दिनदहाड़े श्रवण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का आरोप विवेक पर लगा था। इस पर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस की दबिश के कुछ घंटे बाद आरोपी विवेक ने दानापुर थाने में आत्मसमर्पण किया था।
- 14 Jun 2025 9:39 AM IST
अहमदाबाद विमान हादसा सरकार ने जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की
अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच के लिए सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है। यह समिति कई क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल करके गठित की गई है। इसकी जानकारी नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट जारी करके दी है। इस पोस्ट में विमान हादसे की जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं, जो हादसे के कारणों का पता लगाएगी।
- 14 Jun 2025 9:31 AM IST
अहमदाबाद हादसा पूर्व सीएम विजय रूपाणी के निधन पर राजकोट में बंद का ऐलान
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन से राजकोट शहर में शोक की लहर है। सम्मान और श्रद्धांजलि स्वरूप शनिवार को शहर में दोपहर तक आधे दिन का स्वैच्छिक बंद रखा गया है। राजकोट चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से बंद की घोषणा की गई। शहर के प्रमुख बाजार, दुकानें और कई निजी संस्थान बंद में शामिल हो रहे हैं। बंद पूरी तरह स्वैच्छिक रखा गया है, फिर भी व्यापारी वर्ग की ओर से इसमें भरपूर सहयोग देखने को मिल रहा है। राजकोट के चेंबर ऑफ कॉमर्स ने शहर के सभी व्यापारियों और उद्यमियों से अपील की है कि वे इस बंद में सहभागी बनें और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
- 14 Jun 2025 9:19 AM IST
इजरायल पर बड़ा अटैक, ईरान ने दागी 100 से ज्यादा मिसाइलें, जवाबी कार्रवाई को नाम दिया ‘ट्रू प्रॉमिस थ्री’
इजरायल और ईरान के बीच कुछ ठीक नहीं है। दोनों एक दूसरे पर ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक करने से थक नहीं रहे हैं। ईरान ने इजरायल के हमले का करारा जवाब दिया है। ईरान ने 100 से भी अधिक मिसालइलें दागीं जिसके चलते इजरायल में हड़कंप मच गया। इस जवाबी कार्रवाई को ‘ट्रू प्रॉमिस थ्री’ नाम दिया गया। दरअसल, इजरायल ने शुक्रवार को ईरान पर बड़ा हमला किया था। 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' के तहत ईरान पर 200 से भी ज्यादा मिसाइलें दागी गईं थीं। जानकारी के मुताबिक, इस हमले में कई वरिष्ठ मिलिट्री कमांडर्स की मौत हो गई।
- 14 Jun 2025 9:08 AM IST
भीषण गर्मी से उत्तर भारत को आज से राहत मिलने की उम्मीद- IMD
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, भीषण गर्मी से उत्तर भारत में शनिवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम के बदलाव के कारण कई राज्यों में ठंडक, बादल छाने और बारिश होने की संभावना है, जिससे चिलचिलाती धूप से राहत मिलेगी। शनिवार से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
- 14 Jun 2025 8:59 AM IST
इजरायली हमले से ईरान के साथ परमाणु समझौता करने में मिल सकती है मदद ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मानना है कि इजरायली हमले से उनके प्रशासन को ईरान के साथ परमाणु समझौता करने में मदद मिल सकती है। मीडिया आउटलेट 'एक्सियोस' ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या इजरायल की बमबारी ने समझौते को खतरे में डाला? इस पर ट्रंप ने कहा, "मुझे ऐसा नहीं लगता। शायद इसके विपरीत। शायद अब वह गंभीरता से बातचीत करेंगे। मैं उन्हें 60 दिनों में डील करने के लिए राजी नहीं कर सका। वह डील के करीब थे, उन्हें यह करना चाहिए था। शायद अब यह हो जाएगा।"
- 14 Jun 2025 8:34 AM IST
राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तराखंड सेतु आयोग के बीच एमओयू, महिला सशक्तिकरण पर जोर
राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तराखंड के सेतु आयोग के बीच 'विकसित एवं सशक्त उत्तराखंड हेतु महिला सशक्तिकरण' विषयक कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए एक द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय रहाटकर और सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी के बीच संपन्न हुआ।
- 14 Jun 2025 8:29 AM IST
ओडिशा पुलिस ने बंगाल और गुजरात में छह साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के अलग-अलग मामलों में पश्चिम बंगाल और गुजरात से एक महिला जालसाज सहित छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। राज्य अपराध शाखा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर इलाके से अनुष्का मित्रा (24) नामक महिला साइबर अपराधी को 74.10 लाख रुपए के निवेश धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है। ओडिशा क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को प्रेस को दिए बयान में बताया कि बालासोर के एक व्यक्ति ने 6 मई 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी।
- 14 Jun 2025 8:13 AM IST
दिल्ली में नई आबकारी नीति जल्द- रेखा गुप्ता
दिल्ली की भाजपा सरकार प्रदेश में नई आबकारी नीति जल्द लागू करने वाली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रेखा गुप्ता ने कहा कि नई नीति के तहत व्यवस्थापन व्यवस्था में सुधार के कई बिंदु शामिल किए जा रहे हैं, जिनमें शराब की गुणवत्ता का वैज्ञानिक परीक्षण, बिक्री प्रणाली का डिजिटलीकरण, अवैध बिक्री पर रोक और लाइसेंसिंग प्रक्रिया में पुष्टिकरण प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक समिति काम कर रही है, जिसमें सभी सिद्धांतों पर ध्यान दिया जा रहा है।
- 14 Jun 2025 8:07 AM IST
'योग को बनाएं जीवन का हिस्सा', विश्व योग दिवस से पहले हेमा मालिनी की अपील
दिग्गज अभिनेत्री और मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने हर साल 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी से योग करने का आग्रह किया है। इस वर्ष विश्व योग दिवस की थीम 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' को साझा करते हुए उन्होंने सभी से नियमित रूप से योग का अभ्यास करने की अपील की।
Created On :   14 Jun 2025 8:00 AM IST