Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 19 July 2025 8:30 PM IST
राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछा ये सवाल
कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछा है। कांग्रेस सांसद ने पूछा, 'मोदी जी, 5 जहाज़ों का सच क्या है? देश को जानने का हक है!'
- 19 July 2025 7:56 PM IST
महिला आयोग को न्यायालयीन अधिकार देने का विचार करे सरकार
विधानमंडल के दोनों सदनों की महिला व बच्चों के अधिकार और कल्याण समिति ने प्रदेश सरकार से राज्य महिला आयोग को न्यायालयीन अधिकार देने की अनुशंसा की है। गत दिनों मानसून अधिवेशन के दौरान इस समिति ने विधान परिषद में साल (2024-25) की पहली रिपोर्ट पेश की है। जिसमें समिति ने कहा कि राज्य महिला आयोग स्वायत्त संस्था है। लेकिन महिला आयोग पारिवारिक हिंसा के मामलों की शिकायतों को अगली कार्रवाई के लिए केवल पुलिस के पास भेज देता है। महिला आयोग को केवल सिफारिश करने का अधिकार है।
- 19 July 2025 7:41 PM IST
मोदी सरकार की योजनाओं में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं संजय उपाध्याय
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संजय उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा को स्पष्ट और जनहितकारी बताते हुए कहा कि उनकी सरकार का संकल्प जनसामान्य की सुरक्षा, किसानों का कल्याण और गरीबों की सेवा है।
- 19 July 2025 7:22 PM IST
हनी ट्रैप के कारण गिरायी थी आघाडी सरकार, सीडी हमारे पास है
अधिकारियों व मंत्रियों के हनी ट्रैप के प्रकरण काे सही ठहराते हुए विधानसभा में कांग्रेस के पक्ष नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया है कि हनी ट्रैप प्रकरण के कारण ही उद्धव ठाकरे के नेतृत्व की महाविकास आघाडी सरकार को गिराया गया था। बड़े नेताओं की सीडी थी इसलिए सत्तापलट किया गया। वडेट्टीवार ने कहा-हनी ट्रैप की सीडी हमारे पास है। समय आने पर उसे सार्वजनिक किया जाएगा। शनिवार को वडेट्टीवार ने पत्रकारों से चर्चा की। गुरुवार को मुंबई विधानसभा में नाना पटोले ने यह प्रकरण उठाया था। पेन ड्राइव दिखाते हुए उन्होंने कहा था कि हनी ट्रैप में कई बड़े लोग शामिल है। दावा किया गया था कि हनी ट्रैप में 72 भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी व पूर्व अधिकारी के अलावा मंत्री स्तर के बड़े नेता शामिल थे।
- 19 July 2025 6:57 PM IST
उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक और धर्मांतरण रैकेट का किया पर्दाफाश, 10 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक और बड़े धर्मांतरण का रैकेट चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह प्रदेश में युवतियों को बरगलाकर, प्रलोभन देकर और कट्टरपंथी सोच के जरिए धर्मांतरण कराने में संलिप्त था। पुलिस ने गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए विभिन्न राज्यों से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- 19 July 2025 6:28 PM IST
लेह में शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक समिति अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई
लेह में शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक समिति अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, "मैं यहां इस समिति के अध्यक्ष के रूप में उपस्थित हुआ हूं। यहां हमारी बैठके हुई। कांग्रेस पार्टी की ओर से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने स्वयं प्रधानमंत्री मोदी से पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि आपने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने का वादा किया था। जो मॉडल जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में है, वह लद्दाख के लिए भी होना चाहिए। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि आप(भाजपा) अपना वादा पूरा कीजिए।"
- 19 July 2025 6:09 PM IST
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने संसद के मानसून सत्र पर दिया बयान
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने संसद के मानसून सत्र पर कहा, "हम लोग मानसूनसत्र के लिए बहुत उत्साहित है। हम संसद में सभी कार्यों और मुद्दों पर आपसी बातचीत की आशा कर रहे हैं।"
- 19 July 2025 5:54 PM IST
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने काशी में नशामुक्त युवा और नशामुक्त केंद्र बनाने के लिए एक समिट का किया आयोजन
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने कहा, "आज काशी में नशामुक्त युवा और नशामुक्त देश बनाने के लिए एक समिट का आयोजन किया गया है। देश भर की संस्थाएं काशी में आई हैं। पूरे प्रदेश में, सरकारी, निजी नशामुक्ति केंद्र, पुलिस विभाग, नशामुक्ति कार्यबल और आध्यात्मिक संगठन, ये चारों मिलकर हर ज़िले में नशामुक्ति के लिए काम करेंगे।"
- 19 July 2025 5:44 PM IST
हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल आशिम कुमार घोष ने दी प्रतिक्रिया
हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल आशिम कुमार घोष ने कहा, "मैं यहां एक मिशन और उद्देश्य लेकर आया हूं। मिशन हरियाणा के लोगों की सेवा करना है। विपक्षी नेताओं की राय और भावनाओं को सुनना भी मेरी जिम्मेदारी है।"
- 19 July 2025 5:25 PM IST
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे कोच फैक्ट्री की मांग पर दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "रेलवे कोच फैक्ट्री की मांग काफी लंबे समय से थी। इस मांग को प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया है। आज यह मेगा फैक्ट्री बन कर तैयार हो रही है। उत्पादन के लिए इसके डिजाइन में फ्लेक्सिबिलिटी रखी गई है। करीब 700 करोड़ रुपए के बजट का अनुमान लगाया गया है। हम यहां उत्पादन 2026 तक शुरू कर देंगे।"
Created On :   19 July 2025 8:00 AM IST