अमेरिका: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा,मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला तो यह अमेरिका का अपमान होगा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर नोबेल शांति पुरस्कार मिलने की बात कही, ट्रंप ने कहा सात युद्ध रूकवाने के बाद भी अगर मुझे नोबेल पुरस्कार नहीं मिला तो यह अमेरिका की तौहीन होगी। अमेरिका का अपमान होगा। ट्रंप ने फिर दोहराया कि उन्होंने कम से कम सात अंतरराष्ट्रीय युद्धों को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने इसमे भारत -पाकिस्तान सीजफायर का श्रेय लेने को भी दोहराया।
ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने इजराइल -ईरान, भारत -पाकिस्तान, रवांडा -कांगो, थाईलैंड -कंबोडिया, आर्मेनिया -अजरबैजान, मिस्र -इथियोपिया, सर्बिया -कोसोवो के बीच मध्यस्थता की है। हालांकि भारत-पाकिस्तान सीजफायर में ट्रंप की भूमिका को भारत कई बार नकार चुका है।
गाजा में जारी इजराइली संघर्ष को खत्म करने के मकसद से उन्होंने शांति योजना बनाई है, जिस पर कई देश सहमति व्यक्त कर चुके है। इस शांति प्रस्ताव के एक दिन बाद ही ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार की बात को रिपीट किया। अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि अगर हमारे शांति योजना के प्रस्ताव को हमास स्वीकार करता है, तो यह 8 वां संघर्ष होगा, जिसे उन्होंने मध्यस्थता करके युद्धों को खत्म किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने 7 महीने में 7 संघर्ष खत्म किए हैं। जबकि इन जंगों के बारे में कहा जा रहा था कि ये कभी खत्म नहीं होंगे। इनमें से कुछ 31 साल से चल रहे थे। एक 36 साल से जारी था। ट्रंप ने कहा मैंने सात युद्ध खत्म किए और सभी संघर्षों में हजारों की तादाद में लोग मरे है। ट्रंप ने कहा वैसे तो हर एक युद्ध के लिए एक नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए।
ट्रंप ने अमेरिका के शीर्ष सैन्य अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, क्या आपको नोबेल पुरस्कार मिलेगा? बिल्कुल नहीं। यह पुरस्कार किसी ऐसे व्यक्ति को दिया जाएगा जिसने कुछ भी नहीं किया। ट्रंप ने आगे कहा यह हमारे देश का बड़ा अपमान होगा। ट्रंप ने कहा मैं इसे अपने लिए नहीं चाहता, मैं चाहता हूं कि नोबेल पुरस्कार अमेरिका को मिले। ट्रंप ने आगे कहा, इसे देश को मिलना चाहिए क्योंकि कई युद्धों को रोकने जैसा काम इससे पहले कभी नहीं हुआ। राष्ट्रपति का यह दावा 10 अक्टूबर से पहले आया है, जब इस साल नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की जाएगा। आपको बता दें 2009 में डेमोक्रेटिक नेता व पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को यह पुरस्कार मिल चुका है।
Created On :   1 Oct 2025 12:06 PM IST