नागपुर एयरपोर्ट पर डेंगू के लार्वा की जांच, नमूना ले गई दिल्ली टीम

नागपुर एयरपोर्ट पर डेंगू के लार्वा की जांच, नमूना ले गई दिल्ली टीम

Anita Peddulwar
Update: 2019-04-03 06:23 GMT
नागपुर एयरपोर्ट पर डेंगू के लार्वा की जांच, नमूना ले गई दिल्ली टीम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दिल्ली से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पानी की टंकियों, फुलवारी तथा पानी जमा रहने वाले स्थानों की जांच की। सूत्रों ने बताया कि यह जांच डेंगू, मलेरिया को फैलने से रोकने की कवायद है। एयरपोर्ट पर डेंगू, मलेरिया के लार्वा की एहतियाती जांच की जाती है। इसी क्रम में दिल्ली से आई स्वास्थ्य विभाग के 4 सदस्यों की टीम ने  एयरपोर्ट के विविध स्थानों का निरीक्षण किया। कुछ नमूने दिल्ली ले भी गए हैं। नमूनों की जांच के बाद रिपोर्ट स्थानीय प्रशासन को भेजी जाएगी। सूत्रों ने बताया कि इससे पहले इसी तरह की जांच के दौरान टायर में जमा पानी में डेंगू के लार्वा मिले थे।

इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी
पुणे से नागपुर आनेवाली इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी आने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। मंगलवार दोपहर 12.30 बजे नागपुर पहुंचने वाला यह विमान रद्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पुणे से नागपुर आने वाले इंडिगो विमान ने मंगलवार सुबह 11.15 बजे पुणे एयरपोर्ट से नागपुर के लिए उड़ान भरी। कुछ देर बाद ही इंजन से वाइब्रेशन जैसी आवाज आने लगी। पायलट ने एटीसी पुणे से विमान लैंड करने की इजाजत मांगी। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद विमान पुणे एयरपोर्ट पर उतारकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इंडिगो की तकनीकी टीम ने जांच की तो दो में से एक इंजन में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। हालांकि इसका खुलासा नहीं हुआ। विमान में कितने यात्री सवार थे, इसका भी खुलासा नहीं किया गया। सूत्रों के अनुसार, विमान में 100 से ज्यादा यात्री थे। दोपहर 12.45 बजे इंडिगो के एक अन्य विमान ने सभी यात्रियों को लेकर नागपुर के लिए उड़ान भरी। करीब डेढ़ घंटे देरी से दोपहर 2.05 बजे यात्री सकुशल नागपुर पहुंचे। बताया गया कि इसके पूर्व भी ऐसी ही तकनीकी खराबी इंडिगो के इस विमान में आई थी। लखनऊ से दिल्ली जानेवाले इंडिगो विमान में भी 31 जनवरी को तकनीकी खराबी आई थी।  

Tags:    

Similar News