मतदाता सूची को आधार से जोड़ने की मांग करेगी महाराष्ट्र सरकार - सीएम

मतदाता सूची को आधार से जोड़ने की मांग करेगी महाराष्ट्र सरकार - सीएम

Tejinder Singh
Update: 2019-07-02 16:00 GMT
मतदाता सूची को आधार से जोड़ने की मांग करेगी महाराष्ट्र सरकार - सीएम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की मांग को लेकर भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा जाएगा। विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं खुद चुनाव आयोग को पत्र लिखूंगा। इस पत्र में उल्लेख किया जाएगा कि वोटर सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की भावना विधानसभा सदन की है। विधानमंडल मानसून सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को विधानसभा में अंतिम सप्ताह प्रस्ताव पर हुई चर्चा के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में बारामती से  राष्ट्रवादी कांग्रेस की सुप्रिया सुले भी ईवीएम से चुनाव जीती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईवीएम साल 2004 और 2009 के चुनाव में भी था। फिर भी डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईवीएम का बहाना मन को समझाने के लिए अच्छा हो सकता है। लेकिन हमें सत्य को स्वीकार करना चाहिए। विपक्ष जमीन से दूर हो गया है। 

मोबाईल खरीद में घोटाला नहीं

इसी बीच मुख्यमंत्री ने महिला व बाल विकास विभाग की ओर से मोबाइल खरीद में 106 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार के आरोप को खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल फोन खरीदारी जेम पोर्टल के जरिए की गई है। जेम पोर्टल भ्रष्टाचार को रोकने के लिए तैयार किया गया है। इसमें खरीददार और बेचने वाला आमने-सामने नहीं आता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चाधिकार समिति ने मोबाइल खरीदी के प्रस्ताव को मंजूरी दी। यह प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में नहीं आता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने मंत्रियों पर जो आरोप लगाए हैं। इसमें अधिकांश आरोप पुराने हैं। विपक्ष के आरोपों में कोई सत्यता नहीं है। मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील पर लगे आरोपों का बचाव किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री के रूप में काम करते हुए हमसे या किसी मंत्री से फैसले गलत हो सकते हैं। लेकिन मैं पाटील को 30-35 सालों से जानता हूं। वे कोई काम दुर्भावना से नहीं कर सकते हैं। इससे पहले सदन में प्रदेश के राजस्व मंत्री पाटील, सहकारिता मंत्री सुभाष देशमुख, ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल, जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन,प्रदेश के गृहनिर्माण मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, शिक्षा मंत्री आशीष शेलार और आदिवासी विकास राज्य मंत्री परिणय फुके ने  विपक्ष की ओर से लगाए गए अलग-अलग आरोपों के जवाब दिए। सभी मंत्रियों ने विपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया। 

नागपुर में अपराध में कमी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर में अपराध में कमी आई है। उपराधानी में अपराध की घटनाओं में बढ़ोत्तरी नहीं बल्कि कमी आई है। उन्होंने कहा कि पांच सालों में विदर्भ के क्षेत्रिय असंतुलन को दूर करने की कोशिश की गई। किसानों को 5 लाख बिजली कनेक्शन दिया गया। सिंचाई की परियोजनाओं को पूरा करने का प्रयास किया गया। किसानों को बिजली कनेक्शन के लिए मुख्यमंत्री ने ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की तारीफ की। 

दोबारा आऊंगा

मौजूदा विधानसभा के आखिरी सत्र के अंतिम भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं दोबारा आऊंगा। हमने पांच साल के कार्यकाल में महाराष्ट्र के पुराने वैभव को वापस लाने का काम किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उल्लेख किया। 

सदन में भावुक हुए खडसे 

सदन में भाजपा के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने कहा कि मेरे 40 साल के राजनीतिक सफर में मुझ पर कई आरोप लगे। मंत्री पद पर रहते हुए मुझ पर आरोप लगाया गया कि मैंने दाऊद इब्राहिम की पत्नी से फोन पर बात की। लेकिन जब आरोप खारिज हुआ तो मेरी पत्नी खुश हुई थीं। खडसे ने कहा कि झूठे आरोपों से कितनी वेदना होती है यह मैं और मेरे परिवार से ज्यादा कोई नहीं जान सकता है। खडसे अपने भाषण के दौरान भावुक नजर आए। 

Tags:    

Similar News