महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी का विकल्प सपा-बसपा गठबंधन, 5 अप्रैल को नागपुर में मायावती

महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी का विकल्प सपा-बसपा गठबंधन, 5 अप्रैल को नागपुर में मायावती

Tejinder Singh
Update: 2019-03-19 13:39 GMT
महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी का विकल्प सपा-बसपा गठबंधन, 5 अप्रैल को नागपुर में मायावती

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश की तरह महाराष्ट्र में भी समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। मंगलवार को दोनों दलों के नेताओं ने संयुक्त प्रेस परिषद में यह एलान किया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी (सपा) के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आजमी, बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और  महाराष्ट्र प्रदेश प्रभारी डॉ अशोक सिद्धार्थ, सपा के प्रदेश प्रवक्ता और महासचिव अब्दुल कादिर चौधरी ,बसपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साखरे और मुम्बई मनपा में सपा के गट नेता रईस शेख आदि मौजूद थे। इस दौरान आजमी ने बताया कि सपा-बसपा गठबंधन महाराष्ट्र की सभी 48 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा कर भाजपा-कांग्रेस को पराजित करेगा। आजमी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह यहां भी सपा- बसपा का एक मजबूत गठबंधन होगा और हम पूरे दमखम के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। सीटों के बंटवारे का मसला एक दो-दिन में सुलझा लिया जायेगा। उन्होंने दावा किया महाराष्ट्र में सपा-बसपा गठबंधन कांग्रेस-राकांपा गठबंधन का विकल्प बनेगा।  

कांग्रेस ने नहीं दी एक भी सीट

आजमी ने कहा कि महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी  कांग्रेस-राकांपा के साथ गठबंधन कर केवल एक सीट पर चुनाव लड़ना चाहती थी। लेकिन सपा को गठबंधन में शामिल नही किया गया। आजमी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं । प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बसपा के प्रदेश प्रभारी डॉ अशोक सिद्धार्थ ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो मायावती के आदेश पर महाराष्ट्र में भी पार्टी समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अल्पसंख्यक, दलित और समाज के दबे कुचले लोगों के साथ धोखा किया है । सही अर्थों में बसपा और सपा दलितों, अल्पसंख्यकों और वंचितों की पार्टी है । इसी कारण पहले उत्तर प्रदेश और अब महाराष्ट्र में हमने  गठबंधन कर महाराष्ट्र से लोकसभा की सभी 48 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। 

5 अप्रैल को नागपुर में मायावती की रैली 

बसपा सांसद सिद्धार्थ  ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो मायावती की पहली चुनावी रैली नागपुर में 5 अप्रैल को होगी । हम चाहेंगे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव में भी इस रैली में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में दोनों दलों के कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे और गठबंधन के उम्मीदवारों को विजयी बनाएंगे। डॉ सिद्धार्थ ने बताया कि लोकसभा के बाद दोनों पार्टियां विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ेंगी। सांसद सिद्धार्थ ने कहा कि हमनें महाराष्ट्र में कांग्रेस  से गठबंधन के लिए कभी कोई चर्चा ही नहीं की थी। विदर्भ में बसपा मजबूत स्थिति में है और इस चुनाव में अपनी ताकत दिखाएगी।  
 

Similar News