Nepal Flood: प्राकृतिक आपदा के बीच इंसानियत और उम्मीद की आवाज बना बॉलीवुड, पीड़ितों के समर्थन में उतरे सोनू सूद और सुनील शेट्टी जैसे सितारे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। तिब्बत-नेपाल सीमा और भोटेकोशी नदी के आसपास आई भीषण बाढ़ ने कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़े सैकड़ों श्रद्धालुओं के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। कई लोग सुरक्षित स्थानों तक पहुंच चुके हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। इस त्रासदी के बीच बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां प्रभावित लोगों के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। अभिनेत्री मानसी पारेख, जो हादसे के समय मानसरोवर क्षेत्र में मौजूद थीं, ने अपनी सुरक्षा को लेकर फैंस को अपडेट दिया है। वहीं आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु प्रभावित श्रद्धालुओं की मदद और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। नेपाली मूल की अभिनेत्री मनीषा कोइराला, अभिनेता सोनू सूद और सुनील शेट्टी ने भी इस त्रासदी पर चिंता जताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना और समर्थन व्यक्त किया है। अलग-अलग जगहों से आई इन आवाजों में एक ही संदेश है...मुश्किल की इस घड़ी में नेपाल और वहां फंसे लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़े -नेपाल में एक बार फिर आ सकती है विनाशकारी बाढ़, रसुवागढ़ी बॉर्डर से 18 किमी ऊपर बनी एक और झील, अब तक 359 की मौत
मानसी पारेख बोलीं- भगवान की कृपा से हम सुरक्षित हैं
कैलाश मानसरोवर की आध्यात्मिक यात्रा पर गईं मानसी पारेख भी उस समय क्षेत्र में मौजूद थीं, जब अचानक आई बाढ़ ने हालात बदल दिए। अभिनेत्री ने बताया, ‘जिंदगी कितनी अनिश्चित है, लेकिन जो हुआ है वह सचमुच दिल तोड़ने वाला है। हम लगातार इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। भगवान की कृपा से हम चीन में सुरक्षित हैं और ईशा फाउंडेशन हमें घर वापस लाने के साथ-साथ बाढ़ में फंसे लोगों को खोजने की पूरी कोशिश कर रहा है। कृपया सभी की सलामती के लिए प्रार्थना करते रहें। मानसी ने उस जगह को लेकर अपना दर्द भी साझा किया, जहां कुछ दिन पहले उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ था और अब वही इलाका पानी में डूब गया। उन्होंने लिखा, ‘सच कहूं तो पांच दिन पहले इस जगह पर मेरा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया गया था और अब पूरी जगह पानी में डूबी हुई है।'
सदगुरु की निगरानी में राहत और बचाव की कोशिशें
आध्यात्मिक गुरु सदगुरु ने बताया कि तिब्बत के ग्योंग इमिग्रेशन सेंटर के पास उनकी यात्रा का एक प्रमुख दल अचानक आई भीषण बाढ़ की चपेट में आ गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब श्रद्धालु अपनी यात्रा पूरी कर वापस लौट रहे थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है, जबकि कई लोग अब भी दुर्गम इलाकों में फंसे हैं। सदगुरु स्वयं राहत कार्यों और फंसे हुए लोगों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ईशा फाउंडेशन की ओर से भी प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की कोशिशें जारी हैं।
यह भी पढ़े -नेपाल बाढ़ के बाद गुजरात के 12 तीर्थयात्रियों से संपर्क टूटा, सूरत के 3 लापता, बंगाली एक्टर भी रसुवा में फंसे
सोनू सूद का संदेश- नेपाल, हम आ रहे हैं
मुश्किल समय में जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले अभिनेता सोनू सूद ने भी नेपाल के लोगों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा, नेपाल, तुम अकेले नहीं हो। हम आपके लिए खाना, रहने की जगह और फिर से सब कुछ बनाने में मदद करने का हौसला लेकर आ रहे हैं।' सोनू का यह संदेश आपदा से जूझ रहे लोगों के लिए सिर्फ सहानुभूति नहीं, बल्कि संकट के बाद जिंदगी को फिर से खड़ा करने की उम्मीद भी देता है। अभिनेता पहले भी कई आपदाओं और संकट के समय जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं।
मनीषा कोइराला ने कहा- नेपाल के लिए प्रार्थना करें
नेपाल से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रखने वाली अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने भी इस आपदा पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लोगों से प्रभावित परिवारों और नेपाल की सलामती के लिए प्रार्थना करने की अपील की।उनकी पोस्ट में नेपाल के प्रति चिंता और अपने देशवासियों के दर्द की झलक दिखाई दी। मनीषा ने लोगों से इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने और उनके लिए प्रार्थना करने का संदेश दिया।
सुनील शेट्टी ने भी जताई चिंता
अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति चिंता जताते हुए उनके लिए समर्थन और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में लोगों की सुरक्षा और सुरक्षित वापसी की कामना की। सुनील ने अपने संदेश के जरिए यह भावना व्यक्त की कि ऐसी त्रासदी के समय एकजुटता और इंसानियत ही सबसे बड़ी ताकत बनती है।
Created On :   28 Aug 2026 12:02 AM IST






