बयान : इंदिरा जयसिंह पर भड़की कंगना, बोलीं- ऐसी औरतो की कोख से वहशी दरिंदे जन्म लेते हैं

बयान : इंदिरा जयसिंह पर भड़की कंगना, बोलीं- ऐसी औरतो की कोख से वहशी दरिंदे जन्म लेते हैं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मशहूर वकील इंदिरा जयसिंह के निर्भया के दोषियों को माफ कर देने की अपील पर बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कंगना रनौत का बयान सामने आया है। कंगना ने कहा कि ऐसे लोगों को इन दोषियों के साथ चाल दिन जेल में रखा जाना चाहिए। ऐसी औरतो की कोख से ही ऐसे वहशी दरिंदे जन्म लेते हैं। कंगना शुक्रवार को रिलीज होने जा‌ रही अपनी फिल्म "पंगा" के एक प्रमोशनल इवेंट में पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने अपनी यह राय रखी।

क्या कहा कंगना ने?
कंगना ने कहा "जाने कैसी कैसी औरतें होती हैं, जिन्हें ऐसे बलात्कारियों पर दया आती हैं। ऐसी ही औरतों की कोख से ऐसे वहशी-दरिंदे निकलते हैं। ये भी इसी तरह की कोख से निकले हैं,‌ जिनकी सोच ऐसी होती है। जिनको हमदर्दी होती है, प्यार आता है इनपर... वहशियों पर... खूनियों पर।" कुछ दिन पहले इंदिरा जयसिंह ने निर्भया की मां आशा देवी से अपील की थी कि उन्हें दोषियों को माफ कर देना चाहिए। जयसिंह के इस बयान पर निर्भया की मां भी भड़क गई थीं।

16 दिसंबर 2012 की घटना
बता दें कि दिल्ली की छात्रा निर्भया के साथ चलती बस के अंदर बर्बर तरीके से 16 दिसंबर 2012 को रेप किया गया था। इसके बाद वह उसे सड़क पर छोड़कर चले गए थे। गंभीर हालत में निर्भया को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे सिंगापुर इलाज के लिए भेजा गया था लेकिन उसने दम तोड़ दिया। इस मामले ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक जन आक्रोश उत्पन्न किया था।

एक फरवरी को दी जाएगी फांसी
चार दोषियों - मुकेश (31), पवन गुप्ता (24), विनय शर्मा (25) और अक्षय कुमार सिंह (33) को 1 फरवरी को फांसी दी जानी है। उन्हें दोषी ठहराते हुए सितंबर 2013 में मौत की सजा सुनाई गई थी। मार्च 2014 में हाईकोर्ट ने और मई 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने इसे बरकरार रखा था। इससे पहले 22 जनवरी को फांसी दी जानी थी, लेकिन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के समक्ष दोषियों की दया याचिका दायर करने के चलते देरी हुई। राष्ट्रपति की ओर से दया याचिका खारिज कर दी गई।

Created On :   22 Jan 2020 7:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story