Pune News: जिले में बनेंगे 16 नए पशुचिकित्सा अस्पताल

- आधुनिक एक्स-रे मशीन, ब्लड एनालाइजर की सुविधा होगी उप्लब्ध
- मॉडल पशुचिकित्सा अस्पताल” के रूप में विकसित किया जाएगा
भास्कर न्यूज, पुणे। जिले में पशुपालन सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। पुणे जिला परिषद ने 16 नए पशुचिकित्सा अस्पताल निर्माण को मंजूरी दे दी है। साथ ही मौजूदा 28 अस्पतालों की मरम्मत के साथ आधुनिक बनाया जाएगा। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन को किसानों की आर्थिक रीढ़ माना जाता है। इसलिए आधुनिक सुविधाएं, पशुओं का तुरंत उपचार और प्रयोगशाला-संबंधी सेवाएं समय पर तथा अच्छी गुणवत्ता में उपलब्ध हों, इस उद्देश्य से यह उपक्रम शुरू किया गया है। नए अस्पतालों में आधुनिक एक्स-रे मशीन, ब्लड एनालाइजर, जांच के लिए आवश्यक उपकरण, उपचार सामग्री जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
-“मॉडल पशुचिकित्सा अस्पताल” के रूप में विकसित किया जाएगा
पाटिल ने बताया कि इन अस्पतालों को “मॉडल पशुचिकित्सा अस्पताल” के रूप में विकसित किया जाएगा। पशुपालकों को वैज्ञानिक पद्धति से सेवाएं उपलब्ध कराना और उपचार प्रक्रिया में तेजी लाना इस परियोजना का उद्देश्य है। नए अस्पतालों का निर्माण आंबेगाव के वलती, खेड़ के ढेहणे, इंदापुर के बवाड़ा, लाकड़ी, पिंपरी बुद्रुक, निमगांव केतकी और संसार, तथा बारामती मूर्ति, खांडज और सोनगांव में किया जाएगा। इन दस स्थानों का चयन भौगोलिक स्थिति, पशुधन की संख्या और गांवों की आवश्यकताओं के आधार पर किया गया है। इसके अतिरिक्त रांजनगांव, केडगांव, वेल्हा और पुरंदर के मौजूदा पशुचिकित्सा अस्पतालों में एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इससे घायल जानवरों के निदान की प्रक्रिया और अधिक सटीक और तेज हो सकेगी। इस निर्णय से पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी और उपचार सेवाएं गांव स्तर पर अधिक प्रभावी व सुगम बनेंगी। पशुधन के स्वास्थ्य के लिए यह व्यापक पहल जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को निश्चित रूप से मजबूती प्रदान करने वाली साबित होगी।
Created On :   26 Nov 2025 2:04 PM IST












