Pune News: अवैध असलहे बेचने आए 3 गिरफ्तार; 4 पिस्तौल, 5 कारतूस जब्त

- पुलिस रिकॉर्ड पर दर्ज शातिर बदमाश हैं आरोपी
- पिंपरी चिंचवड़ क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की कार्रवाई
भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। अवैध रूप से पिस्तौल रखने के मामले में पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की क्राइम ब्रांच के यूनिट दो ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चार पिस्तौल और पांच कारतूस जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी पुलिस रिकार्ड पर दर्ज अपराधी हैं। यह कार्रवाई बुधवार को दोपहर बोडकेवाडी फाटा, हिंजवडी-माण रोड पर की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक का शरद मोहोल गिरोह से संबंध होने की जानकारी मिल रही है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रवीण गुंडेश्वर अंकुश (21, कात्रज, पुणे), विकी दीपक चव्हाण (20, हिंजवडी फेस दो, पुणे) और रोहित फुलचंद भालशंकर (22, जाधवनगर वडगांव बुद्रुक पुणे) हैं।
-पुलिस रिकॉर्ड पर दर्ज शातिर बदमाश हैं आरोपी
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त डॉ. शिवाजी पवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अवैध हथियारों के बारे में जानकारी निकालते समय पुलिस कांस्टेबल अमर राणे को सूचना मिली कि पुलिस रिकार्ड पर दर्ज शातिर अपराधी पिस्तौल लेकर बोडकेवाडी फाटा पर आने वाले हैं। इसके अनुसार पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों को हिरासत में लिया। उनके पास से आठ लाख पांच हजार रुपये कीमत की चार पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस जब्त किए गए। इस मामले में पुलिस कांस्टेबल अमर राणे ने हिंजवडी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। गिरफ्तार किए गए आरोपी पुलिस रिकार्ड पर दर्ज हैं। प्रवीण अंकुश के खिलाफ 2023 में घाटकोपर पुलिस स्टेशन में नाबालिग लडकी के अपहरण और उसका विनयभंग करने का मुकदमा दर्ज है। वहीं, रोहित भालशंकर के खिलाफ 2024 में हिंजवडी पुलिस स्टेशन में हथियार रखने के मामले में, खडक पुलिस स्टेशन में पाक्सो मामले में और 2023 में शिरूर पुलिस स्टेशन में चोरी का मुकदमा दर्ज है। विकी चव्हाण के खिलाफ इसी साल हिंजवडी पुलिस स्टेशन में हथियार रखने का एक मामला दर्ज है। उसे हिंजवडी पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। जमानत पर छूटने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फिर से अवैध हथियार बेचने का अपराध किया। विकी के शरद मोहोल गिरोह से संबंधित होने का अनुमान है।
- इस टीम ने दिया ऑपरेशन को अंजाम
इस कार्रवाई को यूनिट 2 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अरविंद पवार, उपनिरीक्षक मयुरेश सालुंखे, दीपक खरात, सहायक उपनिरीक्षक संजय गवारे, प्रवीण दले, नितीन ढोरजे, कुणाल शिंदे, तुषार शेटे, मोहम्मद गौस नदाफ, भाऊसाहेब राठोड, विक्रम कुदल, बाबा चव्हाण, अली शेख, कृष्णा शितोले, प्रशांत सैद, सुखदेव गावंडे, अमर राणे, दिनकर आडे, रवी पवार और धनंजय जाधव की टीम ने अंजाम दिया।
Created On :   15 Nov 2025 4:30 PM IST












