- Home
 - /
 - राज्य
 - /
 - महाराष्ट्र
 - /
 - अमरावती
 - /
 - आंदोलनकारियों को राजनीतिक रूप से...
 
Amravati News: आंदोलनकारियों को राजनीतिक रूप से खत्म करने पर आमादा है सरकार : टिकैत

- महाराष्ट्र में सबसे अधिक किसान आत्महत्याएं पर उठाए सवाल
 - कहा, आने वाले समय में आंदोलनकारी गिने-चुने रह जाएंगे
 
Amravati News आज के दौर में सरकार आंदोलनकारियों को राजनीतिक रूप से खत्म करने पर आमादा है। ऐसे में आने वाले समय में सड़कों पर लड़ने वाले लोग कम ही बचेंगे, लेकिन बच्चू कडू जैसे लोग आंदोलन की आग को जीवित रखेंगे। ऐसा प्रतिपादन किसान नेता राकेश टिकैत ने सोमवार को किया। वे मोझरी में राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज की समाधि स्थल पर अनिश्चितकालीन अन्नत्याग आंदोलन कर रहे प्रहार जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष बच्चू कडू से भेंट करने पहुंचे थे। इस बीच, दूसरे दिन भी यह आंदोलन जारी रहा। महाराष्ट्र में सर्वाधिक किसान आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए टिकैत बोले, देशभर में एक जैसी कृषि नीति लागू है, लेकिन आत्महत्याएं सबसे अधिक महाराष्ट्र में क्यों? क्योंकि यहां किसानों की कोई मजबूत एकजुटता नहीं बन पाई।
यही कारण है कि बच्चू जैसे नेता, जो जमीन से जुड़े हैं और संघर्ष की परंपरा को निभा रहे हैं, वे इस लड़ाई के असली नेतृत्वकर्ता हैं। टिकैत ने इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि बच्चू कडू की नसों में आंदोलन बहता है। वे केवल आज नहीं, वर्षों से किसानों, मजदूरों और दिव्यांगों के लिए लड़ रहे हैं। विधायक रहते हुए वे सदन में किसान हितों की बुलंद आवाज रहे और अब विधायक न रहते हुए भी सड़क पर उतरकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और हरियाणा ये राज्य हमेशा किसानों की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं। बच्चू की जैसी आवाज हर राज्य में होनी चाहिए, क्योंकि यही आवाज शोषितों की ढाल है।
चांदूरबाजार में सरकार के खिलाफ मुंडन आंदोलन : पूर्व राज्यमंत्री बच्चू कडू द्वारा मोझरी स्थित राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज समाधीस्थल पर शुरू किए गए अनिश्चितकालीन अन्नत्याग आंदोलन को सरकार द्वारा नजरअंदाज किए जाने के विरोध में मंगलवार 10 जून को चांदूर बाजार तहसील कार्यालय पर सैकड़ों किसानों और दिव्यांगों द्वारा मुंडन आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलनकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल कुछ लोगों का नहीं, बल्कि आम जनता के हक का है और सरकार को जल्द कदम उठाने होंगे।
Created On :   10 Jun 2025 4:07 PM IST















