Amravati News: पति-पत्नी के झगड़े ने लिया खतरनाक मोड़ , मां ने बच्चे को पुल की रेलिंग से टांगा

पति-पत्नी के झगड़े ने लिया खतरनाक मोड़ , मां ने बच्चे को पुल की रेलिंग से टांगा
  • राहगीरों ने बचाया, तिवसा थाना क्षेत्र की घटना
  • पति ने छीन लिया था मोबाइल, थी खफा

Amravati News घरेलू विवाद ने गुरुवार 18 सितंबर को इतना खतरनाक रूप ले लिया कि एक मां ने मासूम बच्चे की जान जोखिम में डाल दी। जिले के तिवसा थाना क्षेत्र के पिंगला नदी पुल पर करीब 20 मिनट तक हाईड्रामा चला। राह चलते लोगों की सतर्कता से बच्चे की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति से चल रहे झगड़े के चलते मानसिक तनाव में थी। 18 सितंबर की दोपहर को वह पिंगला नदी के पुल पर पहुंची और गुस्से में बच्चे को पुल की रेलिंग से टांग दिया। आसपास से गुजर रहे लोग यह दृश्य देखकर दहशत में आ गए।

लोगों ने तुरंत दौड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तिवसा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला और बच्चे को थाने लायी। बाद में महिला को समझा-बुझाकर शांत किया गया और उसे अमरावती शहर स्थित उसके घर छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, महिला का मायका अमरावती शहर के खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र में है, जबकि उसका पति तिवसा का निवासी है। पिछले कई महीनों से दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। महिला ने पति के खिलाफ खोलापुरी गेट थाने में कई शिकायतें भी दर्ज कराई थीं।

तिवसा थानेदार पीआई गोपाल उपाध्याय ने बताया कि महिला और उसके पति के बीच विवाद की जड़ मोबाइल फोन था। कुछ दिन पहले पति ने पत्नी का मोबाइल छीन लिया था, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी विवाद के चलते महिला तनाव में आकर बच्चे के साथ खतरनाक कदम उठाने पुल पर पहुंची थी। चूंकि यह पति-पत्नी का आपसी मामला था, इसलिए महिला पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।


Created On :   20 Sept 2025 4:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story