- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- 26 अक्टूबर से सुबह की फ्लाइट,...
Amravati News: 26 अक्टूबर से सुबह की फ्लाइट, सप्ताह में चार दिन उड़ान

- सुबह 7 बजे मुंबई से टेकऑफ, 9.15 बजे अमरावती से मुंबई होगी रवाना
- यात्रियों को मिलेगी राहत, लेकिन बार-बार रद्द होने से बढ़ी नाराजगी
Amravati News अमरावती एयरपोर्ट (बेलोरा) से हवाई यात्रा अब और अधिक सुविधाजनक होने जा रही है। एलायंस एयर ने विंटर सीजन-2025 के लिए मंगलवार को अपनी वेबसाइट पर अपडेटेड शेड्यूल जारी किया। इसके अनुसार 26 अक्टूबर से मुंबई-अमरावती विमान सेवा के समय में बदलाव किया गया है।
नए समयानुसार मुंबई से अमरावती की उड़ान बहुप्रतीक्षित सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर प्रस्थान करेगी और 8 बजकर 50 मिनट पर अमरावती पहुंचेगी। वहीं अमरावती से मुंबई की उड़ान सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर रवाना होकर 11 बजे मुंबई पहुंचेगी। पहले की तुलना में यह समय यात्रियों के लिए अधिक अनुकूल साबित होगा। अब तक यह सेवा सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, बुधवार और शुक्रवार) दोपहर में उपलब्ध थी। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार अमरावती से मुंबई उड़ान शाम 4.40 बजे टेकऑफ कर शाम 6.25 बजे मुंबई पहुंचती थी। लेकिन नए विंटर शेड्यूल में रविवार को भी उड़ान जोड़ी गई है। यानी अब सप्ताह में चार दिन उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। यह बदलाव खासकर व्यावसायिक यात्रियों और मुंबई मंत्रालय में कार्य निपटाने वाले लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। उन्हें उसी दिन मुंबई जाकर कार्य निपटाकर वापस लौटने की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही मरीजों और आम यात्रियों को भी यह समय पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा।
ऐन वक्त पर रद्द होने से यात्रियों में आक्रोश : हालांकि, नई समय-सारिणी ने जहां यात्रियों को राहत दी है, वहीं उड़ान के ऐन वक्त पर रद्द होने की घटनाओं से नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। सोमवार को शाम 4.30 बजे मुंबई से अमरावती पहुंची फ्लाइट एयरपोर्ट के आसमान में लंबे समय तक चक्कर लगाती रही। उस समय बेलोरा एयरपोर्ट पर घने बादल और मूसलाधार बारिश से गहरा अंधेरा छा गया था। खराब मौसम के चलते विमान अमरावती एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका और उड़ान रद्द करनी पड़ी। इससे मुंबई जाने की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। यात्रियों का कहना है कि ऐसी स्थिति लगातार तीन-चार बार हो चुकी है और इससे गहरा आक्रोश व्याप्त है।
महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) के अधिकारियों का कहना है कि अचानक मौसम बिगड़ने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एलायंस एयर को उड़ान रद्द करनी पड़ी। चूंकि अमरावती एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए खराब मौसम में विमान उतारना खतरनाक साबित हो सकता है।
फ्लाइट अपडेट कब होती है? : समर सीजन (मार्च) और विंटर सीजन (अक्टूबर) के दौरान सभी एयरलाइंस अपनी फ्लाइट समय-सारिणी अपडेट करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत मुंबई-अमरावती-मुंबई फ्लाइट का शेड्यूल भी बदला गया है। जो 26 मार्च 2026 तक लागू रहेगा।
Created On :   17 Sept 2025 2:29 PM IST