- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- ई-गवर्नेंस सुधार अभियान में अमरावती...
Amravati News: ई-गवर्नेंस सुधार अभियान में अमरावती संभागीय आयुक्तालय का मॉडल सर्वोत्तम

- महाराष्ट्र में प्रथम स्थान मिला
- 2 अक्टूबर को अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा
Amravati News राज्य सरकार द्वारा प्रशासन को अधिक लोकाभिमुख, पारदर्शी और गतिमान बनाने के उद्देश्य से 7 मई से 2 अक्टूबर 2025 तक चलाए जा रहे 150 दिवसीय ई-गवर्नेंस सुधार अभियान के अंतरिम मूल्यांकन में अमरावती संभागीय आयुक्तालय ने संपूर्ण महाराष्ट्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अमरावती का यह मॉडल न केवल राज्यस्तर पर सर्वोत्तम घोषित किया गया, बल्कि इसे अन्य संभागों के लिए अनुकरणीय बताया गया है।
अभियान के अंतर्गत राज्यस्तरीय, विभागीय और जिलास्तरीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया गया। इसमें इन बिंदुओं को आधार बनाया गया। सरकारी वेबसाइट की कार्यक्षमता, डैशबोर्ड का अद्यतन, आपले सरकार पोर्टल का उपयोग, ई-ऑफिस प्रणाली, वाट्स एप चैटबॉट,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ब्लॉकचेन तकनीक, जीआईएस (जीआईएस) आधारित डिजिटल सेवा।
संभागीय आयुक्त डॉ. श्वेता सिंघल ने दैनिक भास्कर को बताया कि आयुक्तालय की वेबसाइट को पूरी तरह अपडेट किया गया है, जो केवल 2 से 3 सेकंड में खुल जाती है। नागरिकों की शिकायतों व सुझावों के लिए फीडबैक विकल्प उपलब्ध कराया गया है। आपले सरकार पोर्टल के माध्यम से राजस्व विभाग से जुड़े प्रमाणपत्र अब पूरी तरह ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है। डिजिटल मैपिंग की अनूठी पहल की गई है, जिसके जरिए ग्रामीण अंचलों के पगडंडी रास्तों की रीयल टाइम जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी।
वाट्स एप पर सेल्फी भेजकर अटेंडेंस : यवतमाल जिले ने सेल्फी-आधारित अटेंडेंस एप विकसित किया है, जिससे अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र के किसी भी स्थान से उपस्थिति दर्ज कर सकते हैं। बुलढाणा जिले ने वाट्स एप चैटबॉट तैयार किया है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे राजस्व सेवाओं की जानकारी व आवश्यक दस्तावेजों की सूची प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही जरूरी कागजात उपलब्ध कराने पर विभिन्न प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर पाएंगे।
राज्यस्तरीय गौरव : अंतरिम मूल्यांकन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 2 सितंबर को अमरावती आयुक्तालय को प्राप्त अभिनंदन पत्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस संभागीय आयुक्त डॉ. श्वेता सिंघल व उनकी टीम को बधाई दी। आशा है कि यह अभियान 2 अक्टूबर तक और भी प्रभावी रूप से पूर्ण होगा।
Created On :   4 Sept 2025 3:02 PM IST