- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र मामले...
Amravati News: फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र मामले में 504 लोगों के घर जा रही पुलिस

Amravati News मनपा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों के सत्यापन में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद अब पुलिस और नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गए हैं। 30 अक्टूबर को मनपा के वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी डॉ. विशाल काले द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने 504 व्यक्तियों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर प्रमाणपत्र हासिल करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
इन प्रमाणपत्रों का न तो समय पर कार्यालय में जमा किया गया और न ही उनका उपयोग किस उद्देश्य से हुआ, इसकी कोई रिकॉर्ड में जानकारी है। जिसके चलते नगर प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए कार्रवाई की है। पुलिस अब घर-घर जाकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मनपा की टीम ने पहले चरण में इन प्रमाणपत्रधारकों के दिए गए पते का फील्ड सत्यापन शुरू किया।
जांच में सामने आया कि 15 लोग अपने बताए पते पर मिले ही नहीं, जबकि 4 लोगों ने जानबूझकर गलत पता दर्ज कराया था। कुछ लोग शहर छोड़कर बाहर चले ग ए, तो कई ऐसे भी हैं जिनका सही पता मनपा को उपलब्ध नहीं हो पाया। यही नहीं, जिन लोगों ने प्रमाणपत्र वापस कर दिए थे या प्रमाणपत्र के रद्दीकरण की रसीद भी मनपा में जमा कराई थी, उनके नाम भी आरोपियों की सूची में शामिल पाए गए। इससे जांच की गंभीरता और प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
मामला दर्ज होने के बाद बीते चार दिनों में 35 लोग स्वयं कोतवाली थाने पहुंचकर उपस्थित हुए। इनमें से दो ने प्रमाणपत्र तीन महीने पहले ही मनपा को लौटाने के सबूत भी दिखाए। कुछ लोगों ने मनपा द्वारा जारी की गई रसीदें भी पुलिस के समक्ष पेश कीं। बावजूद इसके उनके नाम अब भी सूची में शामिल हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि मनपा द्वारा किए गए पूर्व सर्वेक्षण में बड़े स्तर पर त्रुटियां हुई थीं। पुलिस अब प्रत्येक आरोपी के सही पते और पहचान की ट्रेसिंग कर रही है। क्षेत्रीय झोन अधिकारियों को भी सत्यापन सूची सौंप दी गई है। मनपा का पथक घर-घर जाकर लोगों की उपस्थिति, दस्तावेज और प्रमाणपत्र की वैधता की जांच कर रहा है।
Created On :   6 Nov 2025 3:13 PM IST















