ससुर ने बहू पर कुल्हाड़ी से वार कर ले ली जान

आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

डिजिटल डेस्क, मोहाड़ी (भंडारा) । घरेलू विवाद में ससुर ने घर के बाहर बर्तन धो रही बहू पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना मोहाड़ी तहसील के रोहना ग्राम में हुई। घटना के बाद आरोपी ससुर ने मोहाड़ी पुलिस थाने में पहुंचकर आत्मसर्पण किया। मृतक महिला को तीन वर्ष का बेटा है। इस दिलदहला देनेवाली घटना से परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। मृतक महिला का नाम प्रणाली उर्फ पिंकी सतीश ईश्वरकर (30) है। वहीं आरोपी ससुर का नाम बलवंत रघु ईश्वरकर (58) है।

शुक्रवार की सुबह प्रणाली का पति सतीश अपनी किराना दुकान में गया था। वहीं प्रणाली घर के सामने बर्तन धो रही थी। उसी समय खेत से लौटे बलवंत ने घरेलू विवाद के गुस्से के चलते प्रणाली की गर्दन पर पीछे से कुल्हाड़ी से वार कर दिया। यह हमला इतना जोरदार था कि रक्त से लथपथ प्रणाली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रणाली की गर्दन पर पीछे से वार किया गया था। उसका शव बर्तनों पर पड़ा रहा। आरोपी बलवंत आत्मसर्पण करने के लिए मोहाड़ी पुलिस थाने पहुंचा। जब आस-पास खेल रहे बच्चों की नजर प्रणाली पर पड़ी तो उन्होंने उसके पति सतीश को घटना की जानकारी दी। तब तक शव वैसे ही पड़ा था। मोहाड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल में शव विच्छेदन के लिए भेज दिया। घरेलू विवाद के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपी बलवंत पर धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थानेदार प्रदीप पुल्लरवार कर रहे हैं।

Created On :   17 Jun 2023 10:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story