- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- मंडी बोर्ड व मंडी समितियों में...
MP News: मंडी बोर्ड व मंडी समितियों में जी-मेल खत्म, अब जीओवी इन वाले ई-मेल ही उपयोग होंगे

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र मंडी बोर्ड ने अपने मुख्यालय, सभी आंचलिक कार्यालयों और कृषि उपज मंडी कार्यालयों में नया प्रावधान लागू कर दिया है जिसके तहत ई-मेल के लिये जीमेल का उपयोग पूरी तरह खत्म कर दिया गया है तथा इसके स्थान पर केंद्र सरकार के एनआईसी द्वारा निर्मित आधिकारिक प्लेटफार्म जीओवी इन का उपयोग ई-मेल के लिये अनिवार्य कर दिया है। अब जीमेल वाले ई-मेल से आने वाले संदेशों को आधिकारिक नहीं माना जायेगा एवं न ही उन पर कोई संज्ञान लिया जायेगा।
सभी मंडी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा गया है कि नये शासकीय ई-मेल पर किसी संदेश या आदेश को भेजने के पूर्व उसकी सत्यता और प्रमाणिकता की पूरी जांच कर लें क्योंकि इस प्लेटफार्म से भेजी गई हर सूचना, मंडी बोर्ड की आधिकारिक स्थिति को दर्शाती है, इसलिये अनधिकृत या अप्रमाणित जानकारी साझा न करें। इसके अलावा, शासकीय ई-मेल का उपयोग करते समय पूर्ण व्यवसायिक गरिमा और शालीनता बनाये रखें, भाषा हमेशा औपचारिक, स्पष्ट व सम्मानजनक होनी चाहिये।
इसी प्रकार, शासकीय ई-मेल आईडी से सरकारी ई-मेल सेवा के अलावा किसी अन्य आईडी पर स्वत: अग्रेषण यानि आटो फारवर्ड करने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी गोपनीय या संवेदनशील सरकारी दस्तावजे को अनधिकृत व्यक्तियों के साथ ई-मेल पर साझा न करें।
Created On :   25 Sept 2026 1:19 AM IST












