- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- सत्ता में आते ही सरकार ने दिया...
Chandrapur News: सत्ता में आते ही सरकार ने दिया लाडली बहनों और किसानों को धोखा : वडेट्टीवार

- जिस सरकार को जनाधार मिला है, उससे जनता खुश नहीं
- सरकारी तिजोरी खाली , राज्य कर्ज में डूबा
- महंगाई व अन्य समस्याओं पर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास
Chandrapur News सत्ता में आते ही फडणवीस सरकार ने लाडली बहन योजना में कई नियम लगाकर महिलाओं को अपात्र करना शुरू कर दिया है। किसानों को कर्जमुक्ति का दावा करनेवाली सरकार अब वादे से मुकर गई है। राज्य की आर्थिक स्थिति ठीक होने के बाद कर्जमुक्त करने की बात कर रही है। यह एक तरह से धोखा होने का आरोप राज्य के पूर्व विपक्ष नेता विधायक विजय वडेट्टीवार ने पत्र-परिषद में लगाया।
सीडीसीसी बैंक में आयोजित पत्र-परिषद में वडेट्टीवार ने कहा कि, जिस सरकार को जनाधार मिला है, उससे जनता खुश नहीं है। मंत्रियों के पीछे की भीड़ कम हो गई है। सरकारी तिजोरी खाली है। सरकारी कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा। राज्य कर्ज में डूबा है। राज्य के मंत्री बोल रहे कि स्थिति सुधरने के बाद किसानों को कर्जमाफी देंगे। कर्जमाफी का जुमला था यह लोगों को पता चल रहा है। लाडली बहन योजना से 28 लाख 72 हजार महिलाओं को अपात्र किया गया। किसान सम्मान योजना के जैसे ही हाल इस योजना का होगा। राज्य में अपराध बढ़ रहा है, यह सरकार की नाकामी है। पहले जैसा सीएम का डर अब रहा नहीं।
बीड मामले में कार्रवाई का आश्वासन दे रहे, लेकिन कार्रवाई कर नहीं रहे। पुलिस का डर समाप्त होने से अत्याचार, हत्या जैसे मामले बढ़ रहे हैं। एक मंत्री का नाम लिए बगैर कहा कि, लंदन का दौरा कर लंदन के मंत्रियों की कैबिन जैसी अपनी कैबिन बनाने के लिए मंत्रालय में तोड़फोड़ शुरू है। उन्होंने आरोप लगाया कि, महंगाई व अन्य समस्याओं पर जनता का ध्यान भटकाने के लिए पूरी प्लानिंग के साथ मंत्री नितेश राणे को आगे कर हिंदुत्व का मुद्दा उठाया जा रहा।
नौकर भर्ती में धांधली का आरोप लगानेवाले सबूत दें : वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि, सरकार ने चंद्रपुर जिले को अपने हाल पर छोड़ दिया है। उद्योग, प्रदूषण, जंगल घटना, वन्यजीव हमले बढ़ रहे हंै। दूरदृष्टि रखकर विकास नहीं हो रहा। जैसे अपराध की दुनिया में आका बदलते हैं, वैसे ही अब राजनीति में भी आका बदलने की परंपरा देखने मिल रही है। चंद्रपुर जिले में सबसे कम फसल बीमा का लाभ मिला है। उद्योग आ रहे, लेकिन स्थानीयों को रोजगार नहीं मिल रहा। 10 वर्ष में सिंचाई योजना के लिए कोई फंड नहीं मिला। एक सवाल पर वडेट्टीवार ने कहा कि, सीडीसीसी बैंक की नौकर भर्ती में धांधली का आरोप करनेवालों ने सबूत देना चाहिए। आरक्षण का कोई विषय नहीं रहा है।
नए-नए जनप्रतिनिधियों को अभ्यास करने की आवश्यकता भी बताई। गड़चिरोली के पालकमंत्री पद को लेकर जारी रस्साकशी के पीछे सुरजागढ बताया। आनेवाले स्थानीय निकाय के चुनाव कांग्रेस अपने दम पर लड़ने की बात भी उन्होंने कही। पत्र परिषद में बैंक अध्यक्ष संतोषसिंह रावत समेत कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
Created On :   11 Jan 2025 4:47 PM IST















