चव्हाण का इस्तीफा: अफवाहों पर विश्वास न करें, जिले का कोई भी कांग्रेस विधायक पार्टी नहीं छोड़ेगा - धोटे

अफवाहों पर विश्वास न करें, जिले का कोई भी कांग्रेस विधायक पार्टी नहीं छोड़ेगा - धोटे
  • राजुरा के विधायक के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा
  • वे गए तो वडेट्टीवार भी जाएंगे, इसमें तथ्य नहीं - वडेट्टीवार

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ 10 से 17 नेता-विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की चर्चा है। ऐसे में यह चर्चा अब चंद्रपुर तक आ पहुंची है। उन नेताओं में राजुरा के विधायक भी शामिल होने की खबरें उड़ी। इस बीच चंद्रपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष व राजुरा के विधायक सुभाष धोटे ने कहा कि, मैं और जिले के कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक कांग्रेस के निष्ठावान है। हम कांग्रेस के साथ ही रहेंगे। जिले में लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को पोषक वातावरण है। हम कांग्रेस पार्टी के निष्ठावान सैनिक है, अफवाहों पर विश्वास न रखे, हम कांग्रेस में ही है। उन्होंने कहा कि, मीडिया से आनेवाली खबरों से कुछ गलत संदेश जा रहा है। हमारा परिवार पिताजी के जमाने से कांग्रेस से निष्ठावान रहा है।

मैं खुद युवा अवस्था से कांग्रेस पार्टी का काम कर रहा हूं, आगे भी कांग्रेस का ही काम करूंगा। मेरे साथ चंद्रपुर जिले का कोई भी कांग्रेस विधायक भाजपा में प्रवेश करने का सवाल ही नहीं उठता। माध्यमों में प्रसारित होनेवाली खबरें निराधार हैं और विधायकों पर संदेह लेना गलत है। धोटे के अनुसार उनकी विपक्ष नेता व ब्रह्मपुरी के विजय वडेट्टीवार, वरोरा की विधायक प्रतिभा धानोरकर से बात हुई है। कार्यकर्ताओं ने कोई भी अफवाहों पर विश्वास न रखने की अपील करने की प्रतिक्रिया धोटे ने माध्यमों को दी। चव्हाण ने पार्टी छोड़ने पर धोटे ने कहा कि, इस तरह की कोई भूमिका न ले, ऐसा आग्रह भी चव्हाण से किया था।

वे गए तो वडेट्टीवार भी जाएंगे, इसमें तथ्य नहीं : वडेट्टीवार

अपने मतदाता क्षेत्र सावली के दौरे पर आए विपक्ष नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि, अशोक चव्हाण ने पार्टी से इस्तीफा देने की खबर से झटका लगा है। अचानक उन्होंने क्यों निर्णय लिया? अब तक कारण स्पष्ट नहीं है। उन्होंने किसी से चर्चा की? इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मेरे साथ इस आशय की कोई चर्चा नहीं हुई। वर्ष 2007 से उनके साथ काम कर रहा हूं। उनके मंत्रिमंडल में दो बार मैं रहा हूं। उनसे मेरे अच्छे संबंध थे जिससे यह भी खबरें उड़ी कि, वे गए तो वडेट्टीवार भी जाएंगे, इसमें कोई तत्थ्य नहीं है। उनके पार्टी छोड़ने का कारण वही स्पष्ट कर पाएंगे। जिस तरीके से पार्टी फोड़ने, नेता भगाकर ले जाने का काम भाजपा कर रही है, इससे मतदाताराजा ऐसी राजनीति से उब चुका है। आनेवाले चुनावों में ऐसी प्रवृत्ति को जरूर सबक सिखाएंगे, ऐसा विश्वास भी वडेट्टीवार ने मीडिया के सामने व्यक्त किया।

Created On :   13 Feb 2024 12:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story