- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- जहर से महिला समेत दो लोगों की मौत,...
Chhindwara News: जहर से महिला समेत दो लोगों की मौत, सडक़ हादसे और करंट लगने से दो ने गंवाई जान

- चारों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच मेें लिया है।
Chhindwara News: जिले के बिछुआ के ग्राम गुलसी में एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल लाया था। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरा मामला दमुआ के नन्दन का है। यहां एक युवक ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली। तीसरा मामला चांद थाना क्षेत्र का है। सडक़ हादसे में घायल एक शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई। चौथा मामला पांढुर्ना के खंबारा का है। यहां करंट की चपेट में आए एक युवक की मौत हो गई। चारों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच मेें लिया है।
महिला ने जहर पीकर दी जान-
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि बिछुआ के ग्राम गुलसी निवासी 40 वर्षीय मन्ती पति हीरालाल वन ने बुधवार को जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे बिछुआ अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया था। जिला अस्पताल लाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।
युवक ने पिया जहर, मौत-
अस्पताल चौकी पुलिस के मुताबिक दमुआ के नन्दन निवासी 21 वर्षीय आदित्य पिता लेखराम नामदेव ने बुधवार को अज्ञात कारणों चलते जहर का सेवन कर लिया था। दमुआ अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह आदित्य ने दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में घायल ने तोड़ा दम-
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि चांद के ग्राम नीलकंठी निवासी 48 वर्षीय प्रहलाद पिता विजय वर्मा का बीते 26 नवम्बर 24 को उभेगांव पेट्रोल पंप के समीप एक्सीडेंट हो गया था। घायल का तब से इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह प्रहलाद की मौत हो गई। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है।
करंट लगने से युवक की मौत-
पांढुर्ना थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि ग्राम खंबारा में बुधवार रात 32 वर्षीय सुदेश भलावी की करंट लगने से मौत हो गई। पानी की मोटर चालू करते वक्त सुदेश को करंट लगा है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि मोटर पंप की केबल कटी थी, जिससे सुदेश को करंट लगा है। सुदेश को बेहोशी की हालत में परिजन सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है।
Created On :   6 Jun 2025 1:31 PM IST