सफलता: जवानों ने खूंखार महिला नक्सली को किया गिरफ्तार, 6 लाख रुपए का था इनाम

जवानों ने खूंखार महिला नक्सली को किया गिरफ्तार,  6 लाख रुपए का था इनाम
  • नक्सलियों के टीसीओसी अवधि में सुरक्षाबलों को मिली एक बड़ी सफलता
  • रेड अलर्ट जारी करते हुए नक्सल खोज अभियान चलाया
  • विभिन्न कार्रवाई के दौरान कुल 73 नक्सलियों को गिरफ्तार किया

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली । नक्सलियों का हर मोर्चे पर मुंहतोड़ जवाब दे रहे गड़चिरोली के सी-60 जवानों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ आयी है। रविवार, 25 फरवरी को नक्सल खोज अभियान के दौरान विशेष अभियान दल के जवानों ने 6 लाख रुपए इनामी एक महिला नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नक्सली का नाम छत्तीसगढ़ राज्य के बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम तहसील के बड़ा काकलेर निवासी राजेश्वरी उर्फ कमला पाडगा गाेटा (30) है। इसके पूर्व वर्ष 2019 में छत्तीसगढ़ पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। 2020 में जमानत पर रिहा होने के बाद फिर राजेश्वरी ने नक्सल आंदोलन में सक्रिय हिस्सा लिया। वर्ष 2023 में भामरागढ़ पुलिस थाना में दर्ज केड़मारा मुठभेड़ मामले में अब उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा हर वर्ष फरवरी से मई माह में टीसीओसी कालावधि मनाया जाता है। इस कालावधि में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के साथ दलम में नए युवाओं की भर्ती और विकास कार्यों में बाधाएं निर्माण करने का प्रयास नक्सलियों द्वारा किया जाता है। नक्सलियों के इस टीसीओसी के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने जिलेभर में रेड अलर्ट जारी करते हुए नक्सल खोज अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के दौरान रविवार की शाम सी-60 जवानों ने खंूखार महिला नक्सली राजेश्वरी को गिरफ्तार करने में सफलता अर्जित की है। अप्रैल 2023 में भामरागढ़ तहसील के केड़मारा जंगल परिसर में पुलिस जवानों के साथ नक्सलियों की जोरदार मुठभेड़ हुई थी। इस मामले में भामरागढ़ पुलिस थाना में नक्सलियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। इसी मामले में राजेश्वरी को गिरफ्तार किया गया है।

वर्ष 2006 में राजेश्वरी ने चेतना नाट्य मंच में सदस्य पद पर भर्ती होकर नक्सल गतिविधियों का हाथ थामा। 2010-11 में उसे चेतना नाट्य मंच का उपकमांडर बनाया गया। वर्ष 2016 में उसे फरसेगढ़ नक्सल दलम में भेजा गया। जहां उसने 2019 तक बतौर सदस्य के रूप में कार्य किया। वर्ष 2019 में छत्तीसगढ़ राज्य के बीजापुर जिले के तोयनार जंगल परिसर में हुई मुठभेड़ के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। 2020 में जेल से रिहा होने के बाद वह दंडकारण्य की स्पेशल जोनल कमेटी के तहत एरिया कमेटी मेंबर के रूप में कार्य रही थी। उसके खिलाफ महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्य में 4 मुठभेड़ के मामले भी दर्ज है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) कुमार चिंता, अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में की गयी।

अब तक पकड़े जा चुके हैं 73 नक्सली : जनवरी 2022 से अब तक गड़चिरोली के सी-60 जवानों ने विभिन्न कार्रवाइयों के दौरान कुल 73 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों के कारण वर्तमान में नक्सल आंदोलन पूरी तरह बैकफूट पर दिखायी दे रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण नीति के तहत समर्पण करने की अपील भी की है।

Created On :   27 Feb 2024 10:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story