- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- कुएं से गर्म पानी निकलना कोई जादू...
Gadchiroli News: कुएं से गर्म पानी निकलना कोई जादू नहीं, चूना पत्थर की रासायनिक प्रक्रिया का नतीजा

- जिप के जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता ने दी जानकारी
- टीम ने ताटीगुड़म गांव पहुंचकर पानी का किया परीक्षण
Gadchiroli News जिले के अहेरी तहसील के कमलापुर ग्राम पंचायत के तहसील अंतर्गत ताटीगुड़म गांव में एक कुएं से गर्म पानी आने की घटना हाल ही में उजागर हुई थी। इस घटना के चलते क्षेत्र वासियों में खलबली मच गयी थी। वहीं भूगर्भशास्त्रों के लिए गर्म पानी की यह घटना चुनौती बन गयी है। इस मामले में गड़चिरोली जिला परिषद के ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता विनोद उध्दरवार और उनकी टीम ने ताटीगुड़म गांव पहुंचकर पानी का परीक्षण किया। वहीं यह घटना चूना-पत्थर की रासायनिक अभिक्रिया के कारण होने का स्पष्ट दावा अपनी रिपार्ट में किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताटीगुड़म गांव निवासी सत्याना मलय्या कटकू के घर में पुराना कुआं है। वर्षों से यह परिवार इसी कुएं पर निर्भर है। इस कुएं का पानी पीने के साथ फसल को सिंचित करने के लिए किया जाता था। लेकिन 6 माह पूर्व इस कुएं से गर्म पानी निकलना शुरू हुआ। पहले तो कटकू परिवार ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। लेकिन धीरे-धीरे गर्म पानी की बात सभी काे पता चली। इस बीच कटकू के कुएं से गर्म पानी आने की सूचना मिलने पर ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की एक टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। यह कुआं लगभग 20 साल पुराना हाेकर इसका व्यास 1.30 मीटर और गहराई 7.80 मीटर है। इस कुएं की गाद छह महीने पहले निकाली गई थी। निरीक्षण के दौरान कुएं के पानी में सफेद कण पाए गए और सबमर्सिबल पंप पर एक सफेद परत दिखाई दी। क्षेत्र के भूवैज्ञानिक अध्ययन से पता चला कि यह चट्टान चूना पत्थर (चूना पत्थर-कैल्शियम कार्बोनेट) है। इसके बाद कुएं आस-पास के सार्वजनिक हैंडपंपों और अन्य घरेलू कुओं के पानी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
प्रयोगशाला के परिणामों से पता चला कि गर्म पानी वाले कुएं के पानी में कैल्शियम कार्बोनेट की मात्रा 923 मिलीग्राम/लीटर तक पहुंच गई थी। उल्लेखनीय यह हैं कि, छह महीने पहले गाद जमने के कारण पानी भूमिगत चूना पत्थर में मौजूद कैल्शियम ऑक्साइड के संपर्क में आया। इस चट्टान ने पानी के साथ एक ऊष्माक्षेपी रासायनिक अभिक्रिया कर कैल्शियम हाइड्रॉक्साइड बनाया। जिससे भारी मात्रा में ऊष्मा उत्पन्न हुई और पानी गर्म होने लगा। विभाग के कार्यकारी अभियंता विनोद उध्दरवार ने अपनी यह रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी है।
Created On :   13 Sept 2025 3:45 PM IST