गोंदिया: शेयर मार्केट के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाला मुंबई से किया गया गिरफ्तार

शेयर मार्केट के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाला मुंबई से किया गया गिरफ्तार
  • आमगांव पुलिस ने दबोचा
  • कई निवेशकों को लगाया लाखों का चूना

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। शेयर मार्केट में निवेश करने पर अधिक लाभ दिलाकर देने का झांसा देकर कई निवेशकों को ऑनलाइन लाखों रुपयों का चूना लगानेवाले आरोपी को आमगांव पुलिस ने सांताक्रुज पुलिस की मदद से मुंबई में उसके निवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी का नाम सांताक्रुज,मुंबई निवासी कल्पेश सतीश मिश्रा (38) बताया गया है। आमगांव पुलिस ने सोमवार,19 फरवरी को उसे गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सिवनी तहसील आमगांव निवासी दिलीपकुमार अशोक मटाले ने शेयर मार्केट के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी किए जाने से संबंधित शिकायत आमगांव पुलिस स्टेशन में 26 जून 2023 को दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक शेयर मार्केट में निवेश करने पर अधिक लाभ दिलाकर देने के नाम पर उक्त आरोपी ने अलग-अलक फर्म के नाम से बैंक खाते खोलकर उनमें लोगों से ऑनलाइन राशि डालने के लिए कहा गया। खुद के साथ धोखाधड़ी होने की बात ध्यान में आते ही इस मामले की शिकायत आमगांव थाने में दर्ज की गई।

दर्ज शिकायत पर आमगांव पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा 420, 34 एवं सूचना प्रोद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66 (क) 66 (ड) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले की जांच पुलिस निरीक्षक युवराज हांडे कर रहे थे। जांच के दौरान वांछित आरोपी की खोज के लिए आमगांव पुलिस की एक टीम मुंबई रवाना की गई थी। टीम प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक गणपत धायगुडे एवं उपनिरीक्षक शेंदरे तथा पुलिस कर्मी साबले मुंबई में जब आरोपी की खोज कर रहे थे। उस दौरान आरोपी बार-बार अपने मोबाइल क्र. बदल रहा था।

इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के अनुसार जांच कर गोपनीय जानकारी एवं तकनीकी सूचना का विश्लेषण कर शेयर मार्केट के नाम पर अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन देनेवाले आरोपी सांताक्रुज मुंबई निवासी कल्पेश सतीश मिश्रा (38) को उसके निवास से 18 फरवरी को सांताक्रुज पुलिस की मदद से हिरासत में लिया। जिसे 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले, अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद झा, उपविभागीय पुलिस अधिकारी आमगांव विवेक पाटील, पुलिस निरीक्षक युवराज हांडे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक गणपत धायगुडे, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक शेंदरे एवं पुलिस कर्मी साबले ने की है।

Created On :   20 Feb 2024 11:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story