रंग में भंग: नदी में नहाने उतरे छह युवकों की डूबने से मौत, अलग - अलग जगह हुए हादसे

नदी में नहाने उतरे छह युवकों की डूबने से मौत, अलग - अलग जगह हुए हादसे
  • नदी में नहाने गए गोंदिया और भंडारा जिले के चार युवक
  • नदी में डूब जाने से मौत
  • लाखांदुर तहसील के दोनाड तथा देव्हाडा गांव के दो ने गंवाई जान

डिजिटल डेस्क, गोंदिया/भंडारा. धूलिवंदन के बाद नदी में नहाने गए गोंदिया और भंडारा जिले के चार युवकों की नदी में डूब जाने से मौत हो गई। यह घटनाएं गोंदिया जिले की आमगांव, तिरोड़ा और भंडारा जिले की लाखांदुर तहसील में हुईं। त्योहार के मौके पर युवकों की मौत होने से परिसर में शोक है। तिरोड़ा एवं आमगांव तहसील में अलग-अलग हुई दो घटनाओं में दो व्यक्तियों की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई। तिरोड़ा तहसील के मुंडीकोटा गांव के कुछ युवक 25 मार्च को धूलिवंदन के उपलक्ष्य में देव्हाडा बु. के पास वैनगंगा नदी पर तैरने के लिए गए थे। चार-पाच मित्रों के इस समूह में शामिल मुंडीकोटा निवासी अमित पुरुषोत्तम नागदेवे (28) का पैर फिसल जाने से वह नदी के गहरे पानी में डूब गया। जिससे उसकी मृत्यु हो गई। स्थानीय मछुआरों की सहायता से नदी में उसकी खोज की गई। चार घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बाहर निकालने में मछुआरों को सफलता मिली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए तुमसर के शासकीय अस्पताल में भिजवाया। गांव के युवक की नदी में डूबने से हुई मृत्यु से संपूर्ण गांव में शोक की लहर व्याप्त हो गई। 26 मार्च को उसका अंतिम संस्कार किया गया।

दूसरी घटना आमगांव तहसील में स्थित बाघनदी के पदमपुर सावंगी घाट पर घटित हुई। जहां द्वारकाधाम बनगांव निवासी धीरज भुमेश्वर पुंड (32) नामक युवक अपने मित्रों के साथ स्नान के लिए गया हुआ था। इसी दौरान नदी के पानी में डूब जाने से उसकी मृत्यु हो गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सालेकसा के ग्रामीण अस्पताल में ले जाया गया। जहां 26 मार्च को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया एवं आमगांव स्थित शिव मोक्षधाम में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। इस संदर्भ में सालेकसा पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही दिन घटित दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की असामयिक मृत्यु से परिसर में उत्साह का वातावरण शोक में परिवर्तित हो गया।

लाखांदुर तहसील के दोनाड तथा देव्हाडा गांव के दो ने गंवाई जान

उधर लाखांदुर तहसील के दोनाड नदी तट में धूलिवंदन के दिन नहाने के लिए गए 25 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मृत्यु हुई। दूसरी घटना में तुमसर तहसील देव्हाडा के वैनगंगा नदी तट में नहाने के लिए गए 31 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। दोनों हादसे 25 मार्च को घटित हुए। मृतकों में लाखांदुर के कुडेगांव निवासी नतेश तेजराम बरडे (25) गोंदिया जिले के मुंडीकोटा निवासी अमित पुरुषोत्तम नागदेवे (31) दोनों का समावेश है। नदी तट पर नहाने के लिए जाने का युवाओं में बड़ा आकर्षण होता है। ऐसे में लाखांदुर तहसील के कुडेगांव निवासी नतेश तेजाराम बरडे आने गांव के लड़कों के साथ दोनाड नदी तट पर नहाने के लिए गए। नहाते समय गहरे पानी में जाने के पश्चात संतुलन गवांने से पानी में डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। लाखांदुर पुलिस ने शिकायतकर्ता जितेश बरडे (21) की शिकायत लाखांदुर पुलिस थाने में मर्ग क्रमांक 7/2024 धारा 174 के तहत मर्ग दाखिल किया है।

दूसरी घटना में गोंदिया जिले के मुंडीकोटा निवासी अमित नागदेवे तुमसर देव्हाडा की वैनगंगा नदी तट में 25 मार्च को नहाने के लिए दोस्तों के साथ गए। नदी के गहरे पानी का अंदाजा नहीं आने से डूबने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना में शिकायतकर्ता संजय नागदेवे की शिकायत पर करडी पुलिस थाने में मर्ग क्रमांक 03/2024 धारा 174 के तहत मर्ग दाखिल किया है। दोनों घटनाओं में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Created On :   27 March 2024 10:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story