Jabalpur News: रेत का अवैध परिवहन करते लम्हेटा में एक हाइवा जब्त

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। खनिज के अवैध परिवहन के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरूवार को टीम ने लम्हेटा के समीप एक हाइवा जब्त किया है। इसमें अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था, उक्त वाहन को तिलवारा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
माइनिंग अधिकारी सतीश मिश्रा ने बताया कि कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर गुरूवार को खनिज विभाग की टीम ने बरेला, तिलवारा, शहपुरा, लम्हेटा सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान लम्हेटा के समीप एक हाइवा क्रमांक एमपी 20 एचबी 9875 को रोककर जांच की गई तो पाया इसमें रेत का परिवहन हो रहा था।
वाहन चालक से जब ट्राजिट पास (टीपी) मांगी गई तो वह मौके पर टीपी उपलब्ध नहीं करा पाया। इतना ही नहीं वाहन मालिक के संबंध में पूछताछ करने पर भी बार-बार गलत नाम बता रहा था, जिसके चलते उक्त वाहन को तिलवारा पुलिस को जब्त किया गया है, वहीं आरटीओ को पत्र लिखकर अब वाहन मालिक की पतासाजी की जाएगी। इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक अनिल तिवारी, वीरेंद्र पांडे, स्वाती खोब्रागड़े एवं अन्य खनिज अमला शामिल रहा है।
Created On :  
