Jabalpur News: कलेक्टर ने ग्राम बीजापुरी में जनकल्याणकारी योजनाओं की ली जानकारी, समय पर कार्य पूरा कराने निर्देश

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जनपद पंचायत कुंडम के अंतर्गत ग्राम बीजापुरी पहुंचकर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने बीबीजी रामजी योजना के कार्यो तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत में डिमांड रजिस्टर, मस्टर रोल, पेमेंट बुक सहित अन्य आवश्यक रजिस्टरों और दस्तावेजों के संधारण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों को सभी अभिलेखों और प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
इसके बाद कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को खेल-खेल में गिनती, हिंदी के अक्षर एवं शब्द और अंग्रेजी की बुनियादी जानकारी सिखाई जाए। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने शासकीय प्राथमिक शाला बीजापुरी पहुंचकर विद्यार्थियों से गणित के जोड़ के सवाल हल करवाए तथा इकाई और दहाई के आधार पर संख्याओं को जोड़ने की विधि समझी। इस दौरान मां की बगिया का भी निरीक्षण किया।
हितग्राहियों से राशन वितरण की ली जानकारी
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सहकारी उचित मूल्य दुकान उपकेंद्र तिलसानी का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकान में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की जानकारी ली तथा खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच की।
कुंडेश्वर धाम स्थित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण
कलेक्टर ने कुंडेश्वर धाम स्थित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्राइंग प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों से चर्चा की। उनके साथ बैठकर ड्राइंग एवं पेंटिंग के बारे में जानकारी ली तथा विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना की।
मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा की
कलेक्टर ने कुंडम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वार्ड में भर्ती मरीजों से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली।
Created On :  
