Jabalpur News: जिले भर के शिक्षकों की ई-अटेंडेंस नहीं लग पाई
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिले भर के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की गुरूवार को हमारे शिक्षक एप पर ई-अटेंडेंस नहीं लग पाई। ऐसा हमारे शिक्षक ऐप में आई तकनीकी परेशानी के कारण हुआ। ऐप में सुबह की पाली और पूरे दिन की पाली का विकल्प अचानक गायब हो गया था। लॉगिन के समय में हुए बदलाव से सुबह और पूरे दिन की पाली में काम करने वाले शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाए। कई शिक्षक निर्धारित समय पर अटेंडेंस लगाने की कोशिश करते रहे, लेकिन ऐप में जरूरी विकल्प उपलब्ध नहीं थे। यही वजह थी कि स्कूलों में शिक्षक पढ़ाई छोड़कर अटेंडेंस लगाने में ही व्यस्त रहे। ऐसा कोई पहली बार नहीं हुआ बल्कि हर कुछ दिनों में यह समस्या सामने आ रही है।
अनेक शिक्षकों ने बताया कि हमारे शिक्षक ऐप में केवल दोपहर का विकल्प ही दिखाई दे रहा था। सुबह और पूरा दिन का विकल्प नजर नहीं आ रहे थे। यही वजह रही कि सुबह और पूरे दिन की पाली में काम करने वाले शिक्षकों भारी मुसीबत उठानी पड़ी। इसके बाद शिक्षा विभाग के कुछ शिक्षकों द्वारा एक मैसेज भेजा गया जिसमें कहा गया कि हमारे शिक्षक एप में पूरा दिन वाली शिफ्ट को फिलहाल हटा दिया गया है। यही वजह है कि एप पर ऑटोमैटिक दोपहर वाली शिफ्ट हो गई थी। वर्तमान में दोपहर शिफ्ट में ही अटेंडेंस लगानी होगी जब तक कि पूरा दिन वाली शिफ्ट का विकल्प वापस न आ जाए। इसमें लॉगिन का समय सुबह 11 बजे और लॉग आउट का समय शाम 5 बजे है।
शाम को फिर पहुंचे लाॅगआउट करने
कई स्कूलों में जो शिक्षक सुबह स्कूल पहुंचे थे उनकी अटेंडेंस सुबह 11 बजे लगी और इसके बाद स्कूल समाप्त कर वे शाम 5 बजे फिर स्कूल पहुंचे तब जाकर वे लॉगआउट कर पाए। इस समस्या को लेकर शिक्षकों ने वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि हमारे शिक्षक एप की तकनीकी खामियों को दूर किया जाए और जल्द ही इसका नया वर्सन जारी किया जाए ताकि हर कुछ दिनों में होने वाली समस्याओं से मुक्ति मिले।
Created On :  
