Jabalpur News: हाईवे पर कार का कोहराम, टक्कर लगने से 15 फीट उछलकर गिरे युवक-युवती की मौत

हाईवे पर कार का कोहराम, टक्कर लगने से 15 फीट उछलकर गिरे युवक-युवती की मौत
बेलखेड़ा थाने से एक किलोमीटर दूरी पर हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर हाईवे पर कार के कोहराम से अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार कार के चालक ने युवक-युवती को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने से दोनों 10 से 15 फीट उछले और हाईवे से करीब 50 फीट दूर जाकर गिरे। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक-युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता, उससे पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। उधर टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक घटनास्थल से कुछ दूरी पर कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू की है।

पुलिस के अनुसार पाटन के ग्राम करहैया निवासी प्रशांत लोधी उम्र 20 वर्ष और गुबराकला निवासी जागृति महलोनिया उम्र 18 वर्ष, गुरुवार को बेलखेड़ा थाने से करीब एक किलोमीटर दूर हाईवे पर खड़े थे। उनके साथ वहां पर एक युवती और थी। तीनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी भोपाल की तरफ जा रही कार क्रमांक एमपी 20 सीई 8644 के चालक ने तेज रफ्तार से कार चलाते हुए प्रशांत और जागृति को टक्कर मार दी।

कार से टकराकर उछले

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगने से युवती का सिर कार के फ्रंट ग्लास से, वहीं युवक कार के बोनट से टकराकर 10 से 15 फीट उछले और सड़क से करीब 50 फीट दूर जाकर गिरे। टक्कर के बाद कार बहकी और कुछ दूरी पर जाकर रुक गई। कार रुकते ही आरोपी चालक कार छोड़कर भाग गया। वहीं वहां मौजूद युवती भी भाग गई।

जेसीबी से हटवाई कार

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार लहराकर बीच सड़क पर खड़ी हो गई, जिसके चलते काफी देर तक भोपाल जाने वाले मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी बुलाकर कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारु हो सका। उधर मामला दर्ज कर पुलिस कार नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पतासाजी में जुटी है।

Created On :  

Next Story