Jabalpur News: एएसपी ग्रामीण श्रीमती अनु बेनीवाल ने गोसलपुर में पटाखा दुकानों का किया औचक निरीक्षण

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार जिले में अवैध रूप से पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री रखने, भंडारण करने तथा विक्रय करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, थाना क्षेत्रों के अंतर्गत लगाई गई पटाखा दुकानों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।
गोसलपुर क्षेत्र में दुकानों की जांच
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर आज दिनांक 06-11-2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती अनु बेनीवाल (भा.पु.से.) द्वारा थाना गोसलपुर क्षेत्रांतर्गत संचालित पटाखा दुकानों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, तथा पटाखों के सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया गया।
दुकान संचालकों को दिए गए सख्त निर्देश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। दुकान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनाए रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी गोसलपुर श्रीमती भावना तिवारी अपने हमराह स्टाफ के साथ उपस्थित रहीं।
इसी प्रकार जिले के अन्य राजपत्रित अधिकारियों एवं समस्त थाना प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि समस्त मानकों की जांच कर दुकान संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए पाबंद किया जा सके।
जबलपुर पुलिस की अपील
जबलपुर पुलिस द्वारा दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि दीपावली खुशियों एवं रोशनी का पर्व है, इसे पूरी सुरक्षा के साथ मनाएं और नियमों का सख्ती से पालन करें।
Created On :  
