Jabalpur News: ट्रेनों में ज्यादा रकम के साथ टीटीई पकड़ाये, 3 सस्पेंड
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पर्व के कारण इस समय ट्रेनों में भीड़ चल रही है, कंफर्म टिकट को लेकर यात्री परेशान हैं। ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि बैठने की जगह मिल जाये यही काफी है। इसके लिए भी यात्री टीटीई को पैसे देने तैयार हैं। सीट देने के बदले टीटीई द्वारा यात्रियों से पैसे लेने की शिकायतें मिल रही थीं। रेलवे की विजिलेंस टीम सक्रिय हुई और कुछ ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई। जांच के दौरान दो ट्रेनों में 3 टीटीई ज्यादा रकम के साथ पकड़े गये। तीनों टीटीई को सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पश्चिम मध्य रेलवे की विजलेंस टीम जबलपुर आ रही ओवरनाइट एक्सप्रेस में नजर रखे हुए थी इस दौरान डिप्टी सीटीआई वीके सिन्हा और ट्रेन के एसी कोच में तैनात टीटीई उदयराज कुशवाहा के पास मिले पैसे का जब मिलान किया गया तो राशि ज्यादा पाई गई।
वहीं एनसीआर की विजलेंस टीम ने एक अन्य ट्रेन हावड़ा मेल की छिवकी के पास जांच की थी जहां राजेश कुमार के पास रूपए ज्यादा पाए गये। तीनों के पास करीब 18 हजार रूपए ज्यादा मिले। टीम ने तीनों कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण बनाकर जबलपुर रेल मंडल में दिया जिसके बाद तीनों पर कार्रवाई करते हुए सस्पेंड कर दिया गया है।
निलंबन की कार्रवाई
विजिलेंस टीम ने 3 टीटीई को पकड़ा है जिनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। विजिलेंस से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शशांक गुप्ता, सीनियर डीसीएम रेलवे
Created On :  
