Jabalpur News: नगर निगम में संविदा और नियमित पदों पर दिव्यांगजनों की होगी भर्ती

नगर निगम में संविदा और नियमित पदों पर दिव्यांगजनों की होगी भर्ती
एमआईसी की बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम महापौर कार्यालय में शुक्रवार को मेयर इन काउंसिल की अहम बैठक संपन्न हुई, जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने और दिव्यांगजनों को रोजगार देने से जुड़े बड़े प्रस्ताव पारित किए गए। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि नगर निगम में दिव्यांगजनों के रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया गया है। विशेष भर्ती अभियान के तहत कुल 116 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें 10 नियमित और 106 संविदा पद शामिल हैं। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आउटसोर्सिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शहर की सफाई की जिम्मेदारी अब 15 ठेकेदारों को दी जाएगी। इनमें 7 स्थानीय और मुंबई-नोएडा सहित बाहर के 8 ठेकेदार शामिल हैं। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में कार्यरत मौजूदा आउटसोर्स फर्म का कार्यकाल 1 नवंबर से 30 नवंबर तक बढ़ाया गया है। संभाग क्रमांक-1 से 16 और मुख्यालय स्तर पर कचरा प्रबंधन, आवश्यक सामग्री व श्रमिकों की आपूर्ति हेतु आमंत्रित निविदा में 17 समूहों के आवंटन व वित्तीय स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, दामोदर सोनी, अंशुल राघवेंद्र यादव, रजनी साहू, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, सहायक आयुक्त कामिनी लिल्हारे, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा और सचिव अनिल जोशी आदि मौजूद रहे।

Created On :  

Next Story