जबलपुर न्यूज: जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ान शुरू, पहले दिन 45 यात्रियों ने किया सफर

डुमना एयरपोर्ट पर वाटर कैनन से हुआ विमान का स्वागत, सांसद सहित जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का किया अभिनंदन

डिजिटल डेस्क जबलपुर। लंबे समय से प्रतीक्षित जबलपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा शनिवार से शुरू हो गई। पहले दिन कोलकाता से विमान सुबह करीब 9:35 बजे डुमना विमानतल पहुंचा। विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही वाटर कैनन से सलामी देकर स्वागत किया गया। विमान में कोलकाता से 17 यात्री जबलपुर पहुंचे।

यात्रियों के स्वागत के लिए सांसद आशीष दुबे, कैंट विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर अन्नू, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज बिंज, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष रामकुमार पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया, विनोद गोटिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि डुमना विमानतल पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का स्वागत कर जबलपुर को कोलकाता से सीधे जोड़ने वाली इस हवाई सेवा की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की।

जबलपुर से 28 यात्री कोलकाता रवाना

कोलकाता से आने के बाद विमान सुबह करीब 10 बजे जबलपुर से कोलकाता के लिए रवाना हुआ। पहले दिन जबलपुर से 28 यात्री कोलकाता गए। सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों में उत्साह नजर आया। यात्रियों ने कहा कि अब कोलकाता जाने के लिए अन्य शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने की जरूरत नहीं होगी। इससे यात्रा का समय बचेगा और आवागमन भी सुविधाजनक होगा।

सप्ताह में तीन दिन मिलेगी सुविधा

यह विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कोलकाता से विमान सुबह करीब 9:30 बजे जबलपुर के लिए उड़ान भरेगा और जबलपुर पहुंचने के बाद सुबह करीब 10 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगा। सीधी उड़ान शुरू होने से जबलपुर के साथ ही महाकौशल क्षेत्र के यात्रियों को भी कोलकाता के लिए बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के लिहाज से भी इस हवाई सेवा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Created On :   8 Aug 2026 3:08 PM IST

Tags

Next Story