जबलपुर: कलेक्ट्रेट के अधिकारियों में कार्य विभाजन, एसडीएम बदले

कलेक्ट्रेट के अधिकारियों में कार्य विभाजन, एसडीएम बदले
  • सेनगुप्ता को उप जिला निर्वाचन अधिकारी बनाया
  • वरिष्ठ अधिकारियों के बीच भी प्रमुख विभागों और कार्यों का बँटवारा किया गया है।
  • भारतीय प्रशासनिक सेवा व राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को अन्य महत्वपूर्ण प्रभार भी दिए गए हैं।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने भारतीय प्रशासनिक सेवा और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच कार्य विभाजन किया है। आगामी लोक सभा चुनाव को देखते हुए जबलपुर एसडीएम पीके सेनगुप्ता को वहाँ से हटाकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।

इसके साथ ही 5 एसडीएम भी बदले गए हैं। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों के बीच भी प्रमुख विभागों और कार्यों का बँटवारा किया गया है।

कलेक्टर की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी अपर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के पास अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी जबलपुर शहर, निर्वाचन प्रकोष्ठ, कोर्ट संबंधी दायित्वों के साथ विधानसभा प्रश्नों को तैयार करने आदि का जिम्मा है।

भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शेर सिंह मीणा को राजस्व प्रकाशन प्रकोष्ठ, स्टेशनरी, बैंक वसूली, मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान के शासन द्वारा स्वीकृत प्रकरण में आहरण की स्वीकृति आदि दायित्व दिए गए हैं।

राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अपर कलेक्टर नाथुराम गौंड को अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ग्रामीण नियुक्त किया गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी एवं जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती जयति सिंह को अपर कलेक्टर विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संयुक्त कलेक्टर को सौंपी जिम्मेदारी

संयुक्त कलेक्टर पीके सेन गुप्ता को उप जिला निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। संयुक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह को जिला सत्कार अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर कुलदीप पाराशर को अतिरिक्त जिला सत्कार अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नदीमा शीरी को सामान्य प्रशासन और वित्त प्रकोष्ठ, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अदिति यादव को राजस्व प्रकाशन प्रकोष्ठ, श्रीमती शिवाली सिंह को भूमि प्रबंधन, श्रीमती शिवांगी जोशी को दांडिक प्रशासन, कमलेश राम नीरज को सुशासन एवं सतर्कता प्रकोष्ठ का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।

इसके साथ-साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा व राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को अन्य महत्वपूर्ण प्रभार भी दिए गए हैं।

श्रीमती मिशा सिंह को परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण, श्रीमती नदीमा शीरी को जिला खाद्य नियंत्रक, श्रीमती शिवाली सिंह को संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग का कार्य भी दिया गया है।

अब यहाँ रहेंगे ये एसडीएम

कार्य विभाजन आदेश में जबलपुर एसडीएम के पद पर अभिषेक सिंह, गाेरखपुर एसडीएम पंकज मिश्रा, अधारताल एसडीएम पुष्पेंद्र आहके, रांझी एसडीएम आरएस मरावी, सिहोरा एसडीएम रूपेश कुमार सिंघई, शहपुरा एसडीएम पीयूष दुबे, पाटन एसडीएम मानवेन्द्र सिंह और कुंडम एसडीएम श्रीमती मोनिका वाघमारे को बनाया गया है।

इस प्रकार अधारताल, रांझी, जबलपुर, शहपुरा और कुंडम के एसडीएम बदले गए हैं।

Created On :   13 Feb 2024 1:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story