- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- दो बार हुई मिनी स्टेडियम बनाने की...
Jabalpur News: दो बार हुई मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा, हो गए अतिक्रमण, बना दिया कचराघर

Jabalpur News: शहर के सघन आबादी वाले क्षेत्र फूटाताल मैदान को दो बार मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई, लेकिन मिनी स्टेडियम की एक ईंट भी नहीं रखी गई। प्रशासनिक लापरवाही की वजह से फूटाताल मैदान में दो दर्जन से अधिक पक्के अतिक्रमण हो चुके हैं। मैदान को कचराघर बना दिया गया है। इसके कारण यहां पर खिलाड़ियों का आना तो दूर पांच मिनट खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है। हालांकि नगर निगम ने अब मैदान की सफाई का काम शुरू कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि खेल मैदान में कचरे की डम्पिंग क्यों की जा रही है, इसके बारे में न तो जनप्रतिनिधि और न ही अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि फूटाताल, हनुमानताल, खटीक मोहल्ला, घमापुर, लकड़गंज, गुरंदी और गलगला की सघन आबादी के बीच केवल फूटाताल में खेल मैदान है। नगर निगम ने 20 साल पहले मैदान के चारों तरफ बाउंड्रीवॉल बना दी थी, लेकिन मैदान को विकसित करने पर ध्यान नहीं दिया। अब हालत यह है कि मैदान में कचरे की डम्पिंग की जा रही है। मैदान में अतिक्रमण हो चुके हैं। मैदान में पानी भरा हुआ है। यहां पर आए दिन विवाह समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसके कारण बच्चे यहां पर खेल नहीं पा रहे हैं। रविवार को नगर निगम ने यहां साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया, लेकिन अभी भी पानी की टंकी के नीचे काफी कचरा जमा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि फूटाताल मैदान से जल्द ही पूरा कचरा साफ कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भास्कर ने मैदान की उक्त समस्या को प्रकाशित किया था।
बातें हुईं, प्रस्ताव बना लेकिन हुआ कुछ नहीं
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि वर्ष 2018 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने फूटाताल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। स्टेडियम का काम शुरू होने के पहले ही कांग्रेस सरकार गिर गई। वर्ष 2019 में स्मार्ट सिटी ने भी फूटाताल मैदान में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी, लेकिन कुछ दिन में ही प्रस्ताव को ड्राॅप कर दिया गया।
मिनी स्टेडियम बनाने जल्द होगी पहल
फूटाताल मैदान में पुराने समय से अतिक्रमण है, इसकी जांच कराई जाएगी। 24 घंटे के भीतर यहां पर सफाई कराई जाएगी। जल्द ही फूटाताल मैदान का निरीक्षण कर, यहां पर मिनी स्टेडियम बनाने के लिए प्रस्ताव कराया जाएगा।
- जगत बहादुर सिंह अन्नू, महापौर जबलपुर
फूटाताल मैदान में मिनी स्टेडियम बनाने के लिए खेल मंत्रालय को पत्र भेजा गया था। खेल मंत्रालय ने उन्हें सूचित किया है कि मिनी स्टेडियम बनाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।
डॉ. अभिलाष पांडे, विधायक उत्तर-मध्य विधानसभा
फूटाताल मैदान की साफ-सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। मैदान को खेलने योग्य बनाने का काम किया जा रहा है। जल्द ही मैदान का निरीक्षण कर आगे की योजना तैयार की जाएगी।
- रामप्रकाश अहिरवार, निगमायुक्त
शहर में घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित फूटाताल मैदान में कचरा की डम्पिंग की जा रही है। यहां पर अतिक्रमण हो गए हैं। फूटाताल मैदान को जल्द ही मिनी स्टेडियम बनाया जाना चाहिए।
- कविता रैकवार, पार्षद, हनुमानताल वार्ड
Created On :   6 Oct 2025 6:11 PM IST