- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सड़क के बीच आ गई 6 इंच चौड़ी दरार,...
Jabalpur News: सड़क के बीच आ गई 6 इंच चौड़ी दरार, आए दिन घायल हो रहे लोग

- विजयनगर कचनार सिटी का मामला, वाहन फिसलने से बढ़ी परेशानी
- क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि बीते पांच साल से सड़क के बीच में दरार है।
- सड़क सुधार के लिए नगर निगम में शिकायत भी दर्ज कराई गई
Jabalpur News: विजयनगर कचनार सिटी शिव मंदिर से शिवदर्शन सोसायटी की ओर जाने वाली सीसी सड़क पर 6 इंच चौड़ी दरार आ गई है। सड़क के बीच का गेप बढ़ जाने से यह बेहद खतरनाक हो गई है। इसकी वजह से आए दिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके बाद भी सड़क सुुधार की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि यहां आसपास कई काॅलोनियां बस गई हैं।
स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग इस सड़क से आवाजाही करते हैं। सड़क के बीच में 6 इंच चौड़ा गेप आ जाने के कारण वाहन इसमें फंस जाते हैं। सड़क सुधार के लिए नगर निगम में शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है।
लहूलुहान हो गया पूरा परिवार
विजय नगर शिवदर्शन सोसायटी निवासी दुर्गेश सक्सेना, हिमांशु कौशिक, पीयूष दुबे और राजू रंजन ने बताया कि सड़क पर रोजाना हादसे हो रहे हैं। हाल ही में वाहन फिसलने से एक परिवार के कई लाेग घायल हो गए। क्षेत्रीय लाेगों ने बताया कि रात के समय स्ट्रीट लाइट बंद रहने से सड़क से निकलने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर निगम से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
5 साल से हालात जस के तस
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि बीते पांच साल से सड़क के बीच में दरार है। धीरे-धीरे यह दरार और चौड़ी होती जा रही है। दो साल पहले स्थानीय लोगों ने खुद पहल करते हुए फीलिंग कराकर इस दरार को भरवाया था, लेकिन फिर से हालात जस के तस हो गए। सड़क पर दरार होने से लोगों का यहां से निकलना बेहद खतरनाक हो गया है।
Created On :   10 Jun 2025 5:07 PM IST