- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अलर्ट: छुटि्टयां तत्काल रद्द कर...
Jabalpur News: अलर्ट: छुटि्टयां तत्काल रद्द कर आयुध कर्मियों को वापस बुलाया

- एमआईएल के निर्देश पर आयुध निर्माणियों ने निकाले आदेश
- बाॅर्डर पर बढ़ते तनाव को देखते हुए इस तरह के कदम उठाए गए हैं।
- कर्मचारियों के दो दिन से ज्यादा के अवकाश कैंसल कर दिए।
Jabalpur News: गोला-बारूद के उत्पादन से जुड़ी देश की 12 आयुध निर्माणियों में कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। भारतीय सेना के लिए गोला-बारूद बनाने वाली रक्षा मंत्रालय की मुख्य कंपनी एमआईएल ने अपनी सभी इकाइयों के लिए यह आदेश जारी किया है।
आयुध निर्माणी खमरिया के प्रशासन ने दोपहर में आदेश निकालते हुए कर्मचारियों के दो दिन से ज्यादा के अवकाश कैंसल कर दिए। निर्माणी ने अपने आदेश में कहा है कि लंबे समय की छुट्टी के लिए किए गए आवेदनों को भी खारिज किया जा रहा है। वहीं ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चांदा (महाराष्ट्र) ने तत्काल अपने कर्मचारियों को वापस काम पर लौटने के आदेश दिए है। बाॅर्डर पर बढ़ते तनाव को देखते हुए इस तरह के कदम उठाए गए हैं।
अभी एमआईएल पर असर
म्युनिशंस इंडिया लिमिटेड के दायरे में आने वाली सभी आयुध निर्माणियों पर यह आदेश लागू किए गए हैं। इसमें एमुनिशन फैक्ट्री खड़की, कॉर्डाइट फैक्ट्री अरुवन काडू, हाई एनर्जी प्रोजेक्टाइल फैक्ट्री तिरुचिरापल्ली, हाई एक्सप्लोसिव फैक्ट्री खड़की, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री भंडारा के अलावा बोलंगीर, चांदा, देहू रोड, इटारसी, नालंदा, वरनगांव निर्माणी से भी अलग-अलग आदेश निकाले गए हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक में इस्तेमाल किए गए थे 1000 पाउंड बम
आयुध निर्माणी खमरिया कि अहमियत इसी बात से समझी जा सकती है कि सर्जिकल स्ट्राइक में यहीं के बमों का इस्तेमाल किया गया था। जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2016 में 1000 पाउंड बमों से आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया था। हाल फिलहाल जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में इनकी ढलाई भी होने लगी है।
Created On : 3 May 2025 12:59 PM